देहरादून: नंदा की चौकी का पुल पूरी तरह सुरक्षित, एप्रोच रोड धंसने पर जांच के आदेश – पंकज कुमार पांडेय

देहरादून। लोक निर्माण विभाग के सचिव पंकज कुमार पांडेय ने स्पष्ट किया है कि देहरादून स्थित नंदा की चौकी का नवनिर्मित पुल पूरी तरह सुरक्षित है। उन्होंने बताया कि लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पुल की एप्रोच रोड का एक हिस्सा धंस गया, जिसे युद्ध स्तर पर ठीक करने का कार्य जारी है। साथ ही मामले की जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

भारी बारिश से धंसी एप्रोच रोड

सचिव ने बताया कि बीती रात हुई तेज बारिश के चलते पुल की एप्रोच रोड के नीचे से मलबा बह गया, जिससे सड़क का एक हिस्सा धंस गया। हालांकि, पुल की संरचना पूरी तरह सुरक्षित है और यातायात जल्द बहाल करने के लिए मरम्मत कार्य तेजी से किया जा रहा है।

जांच के बाद होगी कार्रवाई

पंकज कुमार पांडेय ने बताया कि मामले की जांच के लिए मुख्य अभियंता को मौके पर भेजा गया है। उन्हें एप्रोच रोड की मरम्मत के साथ घटना के कारणों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। यदि जांच में किसी अधिकारी या ठेकेदार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

नदी के बहाव पर भी रखी जा रही नजर

उन्होंने बताया कि लगातार बारिश के कारण नदी का बहाव तेज हो गया है। ऐसे में बहाव को नियंत्रित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। मौके पर सिंचाई विभाग के अधिकारी भी तैनात हैं और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

24 घंटे में सड़कें खोलने का लक्ष्य

लोक निर्माण विभाग के सचिव ने कहा कि प्रदेशभर में बारिश से बंद हुई सड़कों को खोलने के लिए युद्ध स्तर पर कार्य किया जा रहा है। बंद सड़कों की स्थिति विभागीय पोर्टल पर लगातार लाइव अपडेट की जा रही है और विभाग का प्रयास है कि सभी मार्गों को 24 घंटे के भीतर यातायात के लिए खोल दिया जाए।

उन्होंने बताया कि देहरादून-मसूरी मार्ग पर भी एक नए जल स्रोत के सक्रिय होने से बार-बार मलबा आ रहा है। वहां भी विभागीय टीम मशीनों और उपकरणों के साथ तैनात है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें