रुद्रप्रयाग। पुलिस अधीक्षक निहारिका तोमर की अध्यक्षता में पुलिस कार्यालय सभागार में मासिक अपराध समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में अपराध नियंत्रण, लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण, आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों, आपदा प्रबंधन और जनजागरूकता से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तृत समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में जिला अभियोजन निदेशालय, सभी थाना एवं शाखा प्रभारी तथा विवेचक मौजूद रहे।
लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण के निर्देश
बैठक में सहायक निदेशक (जनपदीय अभियोजन) ऋचा कोटियाल ने विवेचनाओं में पाई गई कमियों की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए सुधार पर बल दिया। पुलिस अधीक्षक ने 60 एवं 90 दिनों से अधिक समय से लंबित मामलों तथा पार्ट-पेंडिंग विवेचनाओं का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण करने के निर्देश दिए। साथ ही ऑपरेशन प्रहार के तहत सत्यापन एवं धर-पकड़ अभियान तेज करने को कहा।
डिजिटल पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने पर जोर
एसपी ने ई-साक्ष्य, ई-सम्मन, नेटग्रिड, एनसीआरपी, सीईआईआर, सीसीटीएनएस, ई-बीट बुक और ई-साइन सहित विभिन्न डिजिटल प्रणालियों की समीक्षा की। उन्होंने सभी पोर्टलों पर प्राप्त शिकायतों एवं संदर्भों का समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण एवं विधिसम्मत निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सीएम हेल्पलाइन और प्रगति डैशबोर्ड पर लंबित शिकायतों के शीघ्र समाधान पर भी जोर दिया।
भारी बारिश के बीच हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश
जनपद में लगातार हो रही बारिश और भूस्खलन की आशंका को देखते हुए सभी थाना प्रभारियों को हाई अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए। एसपी ने आपदा राहत उपकरणों को 24 घंटे क्रियाशील रखने तथा एसडीआरएफ, फायर सर्विस और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ समन्वय बनाकर राहत एवं बचाव कार्यों के लिए तैयार रहने को कहा। राष्ट्रीय राजमार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने तथा मार्ग बाधित होने पर उन्हें शीघ्र खुलवाने के निर्देश भी दिए गए।
महिला सुरक्षा और नशा कारोबारियों पर रहेगी सख्ती
बैठक में महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक शिकायत पर संवेदनशील एवं त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही एनडीपीएस अधिनियम और आबकारी अधिनियम के तहत नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा गया।
इसके अलावा अकेले रहने वाले वरिष्ठ नागरिकों की नियमित सुरक्षा जांच, गुमशुदा महिलाओं एवं बालिकाओं की शीघ्र तलाश तथा अज्ञात शवों की पहचान के प्रयास तेज करने के निर्देश भी दिए गए।
कांवड़ मेले के लिए तैयार होगी विशेष कार्ययोजना
आगामी कांवड़ मेले को देखते हुए यातायात निरीक्षक एवं थाना प्रभारियों को श्रद्धालुओं की सुरक्षित और सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए। साथ ही मोटर वाहन अधिनियम के उल्लंघन पर सघन चेकिंग अभियान चलाकर आवश्यकतानुसार चालान और वाहन सीज करने के निर्देश भी दिए गए।
पुलिस कर्मियों के प्रशिक्षण पर भी जोर
बैठक में सभी प्रभारियों को अधीनस्थ पुलिस कर्मियों के वार्षिक मूल्यांकन (एसीआर) समय पर पूर्ण करने तथा नए कानूनी प्रावधानों से संबंधित रिफ्रेशर प्रशिक्षण निर्धारित समय में पूरा कराने के निर्देश दिए गए।
बैठक में सहायक निदेशक अभियोजन ऋचा कोटियाल, एसएचओ रुद्रप्रयाग मुकेश चौहान, एसएचओ अगस्त्यमुनि गुमान सिंह, एसएचओ ऊखीमठ मनोज नेगी, एसएचओ गुप्तकाशी राकेश कुमार, एसएचओ सोनप्रयाग सुरेश चन्द्र बलूनी, प्रभारी साइबर सेल मनोज रावत, निरीक्षक स्थानीय अभिसूचना इकाई संतोष भट्ट सहित सभी चौकी प्रभारी एवं विवेचक उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
