चमोली: जिलाधिकारी गौरव कुमार ने शहरी निकायों की व्यवस्थाओं व विकास योजनाओं की समीक्षा की

चमोली। जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को जिला सभागार में जनपद की सभी शहरी स्थानीय निकायों की व्यवस्थाओं में सुधार एवं विभिन्न विकास योजनाओं की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, सेप्टिक टैंक प्रबंधन, प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), पीएम स्वनिधि योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों की विस्तृत समीक्षा की गई।

बल्क वेस्ट मैनेजमेंट व्यवस्था को प्रभावी बनाने के निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी अधिशासी अधिकारियों को अपने-अपने निकाय क्षेत्रों में अधिक मात्रा में कूड़ा उत्पन्न करने वाले होटलों, धर्मशालाओं, संस्थानों एवं व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे सभी प्रतिष्ठानों के लिए प्रभावी बल्क वेस्ट मैनेजमेंट प्रणाली लागू की जाए और अपशिष्ट का वैज्ञानिक तरीके से निर्धारित मानकों के अनुरूप निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

सेप्टिक अपशिष्ट सीधे नदी-नालों में न जाए

जिलाधिकारी ने सेप्टिक टैंक मैनेजमेंट प्रोटोकॉल को प्रभावी ढंग से लागू करने पर जोर देते हुए सभी अधिशासी अधिकारियों को जल संस्थान के साथ समन्वय स्थापित कर सेप्टिक टैंक की सफाई करने वाले सभी वेंडरों का अनिवार्य पंजीकरण कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि सेप्टिक अपशिष्ट का निस्तारण केवल सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) के माध्यम से ही किया जाए। साथ ही सैनिटरी इंस्पेक्टरों को निर्देश दिए कि किसी भी स्थिति में सेप्टिक अपशिष्ट को सीधे नदी-नालों में न डाला जाए।

ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और लैंडफिल साइट पर जोर

बैठक में लीगेसी वेस्ट के निस्तारण में तेजी लाने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने सभी नगर निकायों में सैनिटरी लैंडफिल साइट, ट्रेंचिंग ग्राउंड एवं एमआरएफ सेंटर के लिए भूमि आवंटन और चिन्हीकरण की प्रक्रिया शीघ्र पूरी करने को कहा। उन्होंने कम्पेक्टर मशीनों के संचालन और आवश्यक संयंत्रों की स्थापना में भी तेजी लाने के निर्देश दिए।

डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण से हुई ₹18.26 लाख की आय

बैठक में बताया गया कि जनपद के 68 वार्डों में अप्रैल से जून के बीच चलाए गए डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण अभियान के तहत 24,594 प्रतिष्ठानों से ₹18,26,053 की आय प्राप्त हुई। वहीं गीले कूड़े से तैयार कम्पोस्ट खाद के विक्रय से ₹14,620 की अतिरिक्त आय अर्जित की गई।

नंदा देवी राजजात यात्रा के लिए शौचालय और स्नानागार की व्यवस्था के निर्देश

जिलाधिकारी ने नगर क्षेत्रों में संचालित 79 सार्वजनिक शौचालयों की 354 सीटों की नियमित साफ-सफाई और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आगामी श्री नंदा देवी राजजात यात्रा को देखते हुए यात्रा मार्ग पर शौचालयों और स्नानागारों की समुचित व्यवस्था समय से पूरी करने के भी निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

पीएम आवास और पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा

बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के अंतर्गत स्वीकृत 1,851 आवासों का निर्माण कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए गए। वहीं पीएम स्वनिधि योजना के तहत निर्धारित 2,145 लाभार्थियों के लक्ष्य को समयबद्ध रूप से पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

इसके अलावा एबीसी सेंटर तथा रजत जयंती पार्क की प्रगति की भी समीक्षा की गई।

बैठक में रहे उपस्थित

बैठक में जनपद के सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें