देहरादून। श्री मनोरथ प्रसाद हरिवंश स्मृति ट्रस्ट उत्तराखंड की ओर से तृतीय अखिल भारतीय हरिवंश सम्मान समारोह 2026 का भव्य एवं गरिमामय आयोजन देहरादून में किया गया। समारोह में देश के 10 राज्यों से पहुंचे समाजसेवियों, साहित्यकारों, कलाकारों, पत्रकारों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों और विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ ट्रस्ट की संरक्षिका श्रीमती कमला देवी, मुख्य अतिथि न्यायमूर्ति राजेश टंडन, महंत लोकेशदास जी महाराज, श्री गिरिधर शर्मा, ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती योगिता जोशी और राष्ट्रीय सचिव चन्द्रवीर गायत्री ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
10 राज्यों की विभूतियों को मिला अखिल भारतीय हरिवंश सम्मान
समारोह में विभिन्न राज्यों से आए उन लोगों को सम्मानित किया गया, जिन्होंने अपने-अपने क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर समाज के लिए योगदान दिया है।
अखिल भारतीय हरिवंश सम्मान से सम्मानित प्रमुख विभूतियां:
- अभिनविषा पंडा — ओडिशा: गायन एवं संगीत के क्षेत्र में विशेष पहचान और भजन गायन के लिए लोकप्रियता।
- आदर्श भारद्वाज — बिहार: साहित्य एवं लेखन के क्षेत्र में प्रतिभा, बाल साहित्यकार और युवा लेखक के रूप में पहचान।
- श्रीमती उर्मि नेगी — मुंबई, महाराष्ट्र: फिल्म निर्माण, निर्देशन एवं अभिनय के क्षेत्र में योगदान।
- बंजू देवी (अंजलि शर्मा) — हिमाचल प्रदेश: एम्बुलेंस पायलट एवं आपातकालीन जनसेवा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान।
- डॉ. डी.पी. गोयल — गुरुग्राम, हरियाणा: स्वास्थ्य सेवा एवं समाजसेवा के क्षेत्र में योगदान।
- श्रीमती रविता राठी — बिजनौर, उत्तर प्रदेश: सामाजिक सेवा एवं जनहित के क्षेत्र में कार्य।
- श्री जी. परमासिवन — तमिलनाडु: सामाजिक एवं जनसेवा के क्षेत्र में योगदान।
- श्रीमती मीना राणा — उत्तराखंड: लोकगायन एवं उत्तराखंड की लोकसंस्कृति के प्रचार-प्रसार में योगदान।
- श्री गणेश चौहान — राजस्थान/दिल्ली: पत्रकारिता एवं सामाजिक सरोकारों के क्षेत्र में योगदान।
- श्री इंद्र सिंह नेगी — उत्तराखंड: उद्यान के क्षेत्र में योगदान।
राज्य स्तरीय हरिवंश सम्मान से भी विभूतियां सम्मानित
समारोह में उत्तराखंड की विभिन्न विभूतियों को राज्य स्तरीय हरिवंश सम्मान प्रदान किया गया। इनमें शामिल रहे:
- श्री लक्ष्मण सिंह रावत — नारायणबगड़, चमोली: समाजसेवा एवं जनहित के क्षेत्र में योगदान।
- श्री एस.एस. पंवार — उत्तराखंड: शिक्षा एवं सामाजिक क्षेत्र में योगदान।
- श्रीमती श्वेता बधानी — उत्तराखंड: रेड राइस लेडी के रूप में उत्तराखंड के पारंपरिक लाल चावल एवं कृषि उत्पादों के प्रचार-प्रसार में योगदान।
- प्रो. जितेंद्र सिंह — देहरादून: विधि शिक्षा एवं शैक्षिक क्षेत्र में योगदान।
- श्रीमती सुषमा बचेती — देहरादून: पर्यावरण के क्षेत्र में कार्य।
- श्री गोपाल सिंह — देहरादून: कुटीर उद्योग के क्षेत्र में योगदान।
आयोजकों ने बताया कि सभी सम्मानित विभूतियों को उनके-अपने क्षेत्रों में किए गए उल्लेखनीय कार्यों के लिए सम्मान प्रदान किया गया।
उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और भाषा को मिला विशेष महत्व
समारोह में उत्तराखंड की लोकसंस्कृति और भाषा के प्रचार-प्रसार पर विशेष जोर दिया गया। सांस्कृतिक कार्यक्रमों के दौरान लोकगीतों एवं लोकनृत्यों की प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रदेश की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत की झलक दिखाई गई।
आयोजकों ने कहा कि उत्तराखंड की लोकभाषा, लोकगीत, लोकनृत्य और परंपराएं प्रदेश की सांस्कृतिक पहचान हैं। इन्हें नई पीढ़ी तक पहुंचाना और देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत करना सामूहिक जिम्मेदारी है।
समाज के लिए प्रेरणा हैं सम्मानित विभूतियां
ट्रस्ट की राष्ट्रीय अध्यक्ष श्रीमती योगिता जोशी ने कहा कि हरिवंश सम्मान का उद्देश्य ऐसे लोगों को सामने लाना है, जो बिना किसी स्वार्थ के समाज और राष्ट्र के लिए कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सम्मानित होने वाली प्रत्येक विभूति अपने क्षेत्र में समाज के लिए प्रेरणास्रोत है।
राष्ट्रीय सचिव चन्द्रवीर गायत्री ने कहा कि देश के अलग-अलग राज्यों से आए लोगों को एक मंच पर सम्मानित करना हरिवंश सम्मान समारोह की विशेषता है। इससे विभिन्न क्षेत्रों में कार्य करने वाले लोगों के बीच संपर्क और सहयोग की भावना मजबूत होती है।
ट्रस्ट की संरक्षिका श्रीमती कमला देवी ने कहा कि समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले व्यक्तियों का सम्मान करना सामाजिक जिम्मेदारी है। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परंपरा आगे भी जारी रहेगी।
समारोह में उपस्थित अतिथियों ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में उत्कृष्ट कार्य करने वाले लोगों को पहचान देने के साथ दूसरों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।
भविष्य में भी जारी रहेगा सम्मान का सिलसिला
कार्यक्रम के अंत में श्री मनोरथ प्रसाद हरिवंश स्मृति ट्रस्ट की ओर से मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथियों, सम्मानित विभूतियों, कलाकारों, पत्रकारों, सहयोगियों और उपस्थित नागरिकों का आभार व्यक्त किया गया।
ट्रस्ट की ओर से कहा गया कि स्वर्गीय श्री मनोरथ प्रसाद हरिवंश जी की सेवा भावना को आगे बढ़ाते हुए भविष्य में भी समाजसेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, संस्कृति, साहित्य और जनहित के क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली विभूतियों को सम्मानित करने का क्रम जारी रखा जाएगा।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
