चमोली। चमोली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गोविन्दघाट गुरुद्वारा और पांडुकेश्वर क्षेत्र में हुई दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं का सफल खुलासा कर चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच विधि-विरुद्ध किशोरों को संरक्षण में लिया, जबकि एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो चोरी की मोटरसाइकिलें, पांच मोबाइल फोन और दो पावर बैंक बरामद किए गए हैं।
दो अलग-अलग चोरी की घटनाओं पर दर्ज हुए मुकदमे
पुलिस के अनुसार, 23 जुलाई 2026 को उत्तर प्रदेश के शामली निवासी अंकित मलिक ने पांडुकेश्वर चौकी में शिकायत दर्ज कराई कि उनकी मोटरसाइकिल (UP19L6923) वासुदेवा होटल के सामने से चोरी हो गई है। इस संबंध में कोतवाली गोविन्दघाट में धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसी दिन कर्नाटक निवासी श्रीनाथ के.आर. ने गोविन्दघाट गुरुद्वारे में विश्राम के दौरान अपना वीवो मोबाइल फोन चोरी होने की सूचना दी। इस मामले में धारा 305 बीएनएस के तहत दूसरा मुकदमा दर्ज किया गया।
सीसीटीवी और मुखबिर तंत्र की मदद से पकड़ में आए आरोपी
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार के निर्देश पर तथा पुलिस उपाधीक्षक मदन सिंह बिष्ट के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम का गठन किया गया।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, मुखबिर तंत्र और सघन चेकिंग अभियान के आधार पर कार्रवाई की। मुखबिर की सूचना पर हनुमानचट्टी क्षेत्र में दो मोटरसाइकिलों पर सवार छह संदिग्धों को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर सभी भागने लगे और एक मोटरसाइकिल सड़क पर छोड़ दी। पुलिस ने घेराबंदी कर सभी छह लोगों को पकड़ लिया।
पूछताछ में कबूले कई चोरी के मामले
पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने पांडुकेश्वर से मोटरसाइकिल संख्या UP19L6923 तथा टिहरी गढ़वाल के मलेथा क्षेत्र से मोटरसाइकिल संख्या UK07DB0566 चोरी की थी।
उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि 22 जुलाई 2026 की रात गोविन्दघाट गुरुद्वारे से पांच मोबाइल फोन और दो पावर बैंक चोरी किए थे।
पांच किशोर संरक्षण में, एक आरोपी गिरफ्तार
पकड़े गए छह लोगों में पांच विधि-विरुद्ध किशोर पाए गए, जिन्हें किशोर न्याय अधिनियम के तहत संरक्षण में लिया गया।
वहीं आसू पुत्र जितेन्द्र, निवासी नागलोई, दिल्ली (वर्तमान में गोल्डन टेंपल, अमृतसर में कार्यरत), उम्र 20 वर्ष, को धारा 303(2), 317 एवं 61 बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया। सभी को नियमानुसार न्यायालय एवं किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है।
चोरी की दूसरी बाइक की भी हुई पहचान
जांच के दौरान बरामद मोटरसाइकिल संख्या UK07DB0566 के स्वामी विकास उनियाल (निवासी टिहरी गढ़वाल) से संपर्क किया गया। उन्होंने बताया कि उनकी मोटरसाइकिल मलेथा पेट्रोल पंप के पास से चोरी हुई थी, जिसकी शिकायत पहले ही थाना कीर्तिनगर में दर्ज कराई गई थी।
वहीं बरामद वीवो मोबाइल फोन की पहचान शिकायतकर्ता श्रीनाथ के.आर. ने की। IMEI नंबर के मिलान के बाद मोबाइल उसी का पाया गया।
बरामद सामान
-
02 चोरी की मोटरसाइकिलें
-
05 मोबाइल फोन (Apple iPhone, Vivo एवं Poco)
-
02 पावर बैंक
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
