वन दरोगा पंकज रावत की टीम की त्वरित कार्रवाई, आग के कारणों की जांच जारी

डोईवाला।
डोईवाला क्षेत्र के दुधली स्थित जंगल में लगी आग पर वन विभाग की टीम ने समय रहते काबू पा लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्रामीणों ने जंगल में आग लगने की सूचना वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग की टीम तत्काल मौके पर पहुंची।

बताया जा रहा है कि जिस क्षेत्र में आग लगी, वहां वर्तमान में वन गुर्जरों के डेरे भी मौजूद हैं। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। वन विभाग द्वारा मामले की जांच की जा रही है।

वन विभाग की त्वरित कार्रवाई से टला बड़ा नुकसान

वन दरोगा पंकज रावत के नेतृत्व में टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग को फैलने से रोका और आवश्यक उपकरणों की सहायता से आग पर नियंत्रण पाया। समय पर कार्रवाई होने से बड़े पैमाने पर वन संपदा को नुकसान होने से बचाया जा सका।

दोषियों पर होगी सख्त कार्रवाई

वन विभाग ने स्पष्ट किया है कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। यदि किसी व्यक्ति की लापरवाही अथवा संलिप्तता सामने आती है तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।

जल्द चलाया जाएगा वृक्षारोपण अभियान

वन विभाग ने बताया कि पर्यावरण संरक्षण और हरित क्षेत्र को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जल्द ही क्षेत्र में वृक्षारोपण कार्यक्रम भी चलाया जाएगा।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें