देहरादून: दुधली के जंगलों में लगी आग, वन विभाग ने पाया काबू

देहरादून।
दुधली क्षेत्र के जंगलों में रविवार सुबह अचानक आग लगने की घटना सामने आई। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना प्राप्त होते ही वन दरोगा पंकज रावत अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।

कठिन परिस्थितियों में संभाला मोर्चा

पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण आग पर काबू पाना आसान नहीं था। ऐसे में वन दरोगा पंकज रावत ने सूझबूझ और नेतृत्व क्षमता का परिचय देते हुए टीम को योजनाबद्ध तरीके से कार्य में लगाया। उन्होंने स्वयं मोर्चा संभालते हुए उन मार्गों को सुरक्षित कराया, जहां से आग फैलने पर बड़ी वन संपदा को नुकसान पहुंच सकता था।

वन विभाग की त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही घंटों में आग पर काबू पा लिया गया और बड़े नुकसान की आशंका टल गई।

ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने की सराहना

वन विभाग की तत्परता की क्षेत्रवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने सराहना की। ग्राम प्रधान अनूप सिंह ने वन दरोगा पंकज रावत और उनकी टीम को बधाई देते हुए कहा कि अधिकारियों और कर्मचारियों की सक्रियता के कारण बड़ी वनाग्नि की घटना होने से बच गई।

उन्होंने पुलिस प्रशासन से भी क्षेत्र में सख्ती बढ़ाने की मांग करते हुए कहा कि सड़क किनारे वाहन खड़े कर नशा करने वाले बाहरी तत्वों पर निगरानी रखी जानी चाहिए।

ब्लॉक प्रमुख ने भी की प्रशंसा

ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह चौधरी ने लच्छीवाला रेंज के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि रेंजर के नेतृत्व में वनाग्नि रोकथाम के लिए बेहतर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने फॉरेस्टर पंकज रावत को विशेष रूप से बधाई दी।

संयुक्त गश्त पर दिया गया जोर

भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने वन दरोगा पंकज रावत की कार्यशैली की प्रशंसा करते हुए पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि वन विभाग और पुलिस की संयुक्त गश्त से आपराधिक एवं असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकता है।

उन्होंने वनाग्नि की रोकथाम के लिए ग्राम सभाओं में जनजागरूकता और संयुक्त प्रयासों पर भी बल दिया।

इनकी रही विशेष भूमिका

वनाग्नि पर नियंत्रण पाने के अभियान में वीट अधिकारी मुकेश शर्मा, विजेंद्र सहनी, वीट सहायक राकेश कुमार तथा श्रमिक सत्तार की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें