विशाखापत्तनम। भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ के 13वें स्थापना दिवस एवं राष्ट्रीय सम्मेलन के अवसर पर भीमली बीच, विशाखापत्तनम में आयोजित कार्यक्रम में डॉ. ज्योत्स्ना ने देशभर से पहुंचे पत्रकारों को स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया। उन्होंने पत्रकारों की व्यस्त और अनियमित दिनचर्या को लेकर चिंता जताते हुए नियमित योग एवं आयुर्वेद को जीवनशैली का हिस्सा बनाने पर जोर दिया।
पत्रकारों की अनियमित दिनचर्या पर जताई चिंता
डॉ. ज्योत्स्ना ने कहा कि पत्रकार दिन-रात अपने कार्य में व्यस्त रहते हैं। समय पर सोना और समय पर भोजन करना जैसी आवश्यक दिनचर्या प्रभावित होने के कारण स्वास्थ्य पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है। उन्होंने पत्रकारों से अपनी व्यस्त कार्यशैली के बीच स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने और नियमित योग को दिनचर्या में शामिल करने का संदेश दिया।
उन्होंने स्वस्थ जीवन के लिए योग और आयुर्वेद को अपनाने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम में पत्रकारों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने और नियमित दिनचर्या बनाए रखने के लिए प्रेरित किया गया।
24 राज्यों के पत्रकार हुए शामिल
कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश राज्य इकाई के नेतृत्व में देशभर से पत्रकारों ने प्रतिभाग किया। सम्मेलन में 24 राज्यों के पत्रकार मौजूद रहे। मुख्य अतिथि के रूप में संत उमर अलीसा तथा विशिष्ट अतिथि क्षेत्रीय विधायक श्रीनिवास और डॉ. ज्योत्स्ना उपस्थित रहीं।
इस अवसर पर विभिन्न राज्यों से आए पत्रकारों ने संगठन और पत्रकारों से जुड़े विषयों पर भी सहभागिता की।
उत्तराखंड अध्यक्ष ने अतिथियों को किया सम्मानित
भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने कार्यक्रम में शामिल अतिथियों को उत्तराखंडी टोपी पहनाकर सम्मानित किया। उन्होंने डॉ. ज्योत्स्ना को उत्तराखंड आने का निमंत्रण भी दिया।
कार्यक्रम में तमिलनाडु के प्रदेश अध्यक्ष शिवा, बिहार के अध्यक्ष अजय कुमार, झारखंड के जावेद अली, बंगाल के अध्यक्ष शुभेंदु चटर्जी, छत्तीसगढ़ एवं मध्य प्रदेश से कृष्णमोहन झा, राष्ट्रीय महासचिव गिरिधर शर्मा सहित बड़ी संख्या में पत्रकारों ने प्रतिभाग किया।
