सुलतानपुर। उत्तर प्रदेश के सुलतानपुर जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अयोध्या-सुलतानपुर सीमा के पास हलियापुर थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 79.6 के करीब तेज रफ्तार एंबुलेंस सड़क किनारे खड़े ट्रक में पीछे से जा घुसी। हादसे में एंबुलेंस सवार चार लोगों की मौत हो गई।
बताया गया कि एंबुलेंस शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान का पार्थिव शरीर लेकर पंचकूला (चंडीगढ़) से देवरिया जा रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि एंबुलेंस के परखच्चे उड़ गए और उसका केबिन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
दो की मौके पर मौत, दो ने उपचार के दौरान तोड़ा दम
हादसे में एंबुलेंस सवार राजन चौधरी, राम समुझ और गौरव सिंह समेत चालक जसपाल घायल हुए। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उपचार के दौरान दो अन्य ने दम तोड़ दिया।
सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची। एंबुलेंस के केबिन में फंसे शव को गैस कटर की मदद से बाहर निकाला गया।
थाने में सुरक्षित रखा गया शहीद का पार्थिव शरीर
पुलिस ने शहीद सूबेदार मेजर सत्यवान के पार्थिव शरीर को हलियापुर थाने में सम्मानपूर्वक सुरक्षित रखवाया। पुलिस के मुताबिक, देवरिया निवासी सूबेदार मेजर सत्यवान कुछ दिन पहले पंचकूला में शहीद हुए थे। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम संस्कार के लिए परिवार के लोग एंबुलेंस के जरिए पंचकूला से देवरिया लेकर जा रहे थे।
लेकिन सुलतानपुर में हुए इस हादसे ने परिवार पर एक और बड़ा दुख ला दिया।
नींद की झपकी आने की आशंका, जांच जारी
पुलिस की शुरुआती जांच में चालक को नींद की झपकी आने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की पुष्टि जांच और अन्य साक्ष्यों के आधार पर होगी।
पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनके परिजनों को सूचना दे दी गई है।
एक ओर परिवार शहीद का पार्थिव शरीर लेकर अंतिम विदाई के लिए जा रहा था, वहीं रास्ते में हुए इस भीषण हादसे ने चार और जिंदगियां छीन लीं।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
