चमोली।
चमोली जनपद के गौचर मेला ग्राउंड में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हादसे में चारधाम यात्रा पर आई एक महिला श्रद्धालु की बस से कुचलकर मौत हो गई।
बस के टायर से कुचल गई महिला
कोतवाल विनोद थापलियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक बस द्वारा महिला को कुचल दिया गया है। सूचना मिलते ही चौकी गौचर से पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची।
मौके पर पहुंचने पर पुलिस ने देखा कि बस संख्या DD01 R 9725 के चालक द्वारा बस के अगले दाहिने टायर से एक महिला कुचल गई थी। बताया जा रहा है कि बस सड़क किनारे खड़ी थी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
गंभीर रूप से घायल महिला को तुरंत प्राथमिक चिकित्सालय गौचर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतका की पहचान राजकुमारी पत्नी शशिकांत शर्मा (67 वर्ष) निवासी ग्राम एवं पोस्ट पचोखरा, थाना दिलदारनगर, तहसील जमानिया, जिला गाजीपुर, उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है।
चारधाम यात्रा पर आई थीं महिला
पुलिस के अनुसार मृतक महिला 15 मई 2026 को अपने परिजनों के साथ चारधाम यात्रा पर निकली थीं। ऋषिकेश पहुंचने के बाद उन्होंने बस संख्या UK 11PA 4040 से यात्रा शुरू की थी।
आरोपी चालक हिरासत में
पुलिस ने बताया कि हादसे में शामिल बस में गुजरात के यात्री सवार थे, जिन्हें दूसरी बस से बद्रीनाथ के लिए रवाना किया गया है। वहीं दूसरी बस में सवार यात्रियों को भी सुरक्षित बद्रीनाथ भेजा जा रहा है।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी बस चालक मितेश कुमार मोदी पुत्र बृजलाल निवासी सुरमे बंगला, गांधीनगर वीजापुर, मेहसाना गुजरात को हिरासत में लेते हुए बस को कब्जे में ले लिया है।
मुकदमा दर्ज, जांच जारी
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है तथा पंचायतनामा की कार्रवाई की जा रही है।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
