ऋषिकेश में ‘टीबी मुक्त ग्राम पंचायत एवं टीबी मुक्त भारत अभियान’ पर संवेदीकरण प्रशिक्षण आयोजित

ऋषिकेश। राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम (NTEP) के अंतर्गत ‘टीबी मुक्त ग्राम पंचायत एवं टीबी मुक्त भारत अभियान’ विषय पर एक दिवसीय संवेदीकरण प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। नगर निगम ऋषिकेश स्थित महापौर कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम की अध्यक्षता महापौर शम्भू पासवान ने की।

टीबी के लक्षणों और उपचार की दी जानकारी

कार्यक्रम के दौरान जिला क्षय रोग अधिकारी ने क्षय रोग (टीबी) के लक्षणों, बचाव के उपायों और समय पर जांच एवं उपचार के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि टीबी के प्रति जागरूकता बढ़ाने, रोगियों की समय पर पहचान करने और उन्हें नियमित उपचार के लिए प्रेरित करने से इस बीमारी के उन्मूलन की दिशा में प्रभावी कदम उठाए जा सकते हैं।

टीबी मुक्त भारत के लक्ष्य में जनप्रतिनिधियों की अहम भूमिका

इस अवसर पर महापौर शम्भू पासवान ने कहा कि टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य हासिल करने में जनप्रतिनिधियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। पार्षद अपने-अपने वार्डों में लोगों को टीबी के लक्षणों और बचाव के उपायों के प्रति जागरूक कर सकते हैं। साथ ही, संभावित मरीजों को समय पर जांच कराने और उपचार शुरू करने के लिए प्रेरित कर सकते हैं।

महापौर ने कहा कि सामूहिक प्रयासों, जनभागीदारी और व्यापक जनजागरूकता के माध्यम से टीबी मुक्त समाज के संकल्प को साकार किया जा सकता है। उन्होंने इस अभियान में सभी जनप्रतिनिधियों और संबंधित अधिकारियों से सक्रिय भूमिका निभाने की अपेक्षा की।

पार्षदों और नगर निगम कर्मियों ने किया प्रतिभाग

प्रशिक्षण कार्यक्रम में पार्षद देवेंद्र कुमार प्रजापति, सुरेंद्र सिंह नेगी, सत्या कपूर्वांन, वीरेन्द्र रमोला, आशु डंग, कुमारी मुस्कान और पिंटू रावत सहित नगर निगम ऋषिकेश के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल हुए।

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें