ऋषिकेश: हिल्टन रैपिड के पास युवक डूबा, एसडीआरएफ की टीम कर रही तलाश

ऋषिकेश : शनिवार यानी दिनांक 9 मई को सायं लगभग 4 बजे लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत हिल्टन रैपिड के पास एक युवक के डूबने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची। टीम द्वारा नदी में डीप डाइवर उतारे गए। सभी संभावित स्थानों पर युवक की तलाश हेतु सर्च अभियान चलाया जा रहा है।

घटनास्थल पर स्थानीय पुलिस, जल पुलिस द्वारा आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। युवक की खोजबीन निरंतर जारी है। बताया गया कि युवक पास ही में सीता राम आश्रम में कथा सुनने आया था। युवक एक अन्य साथी के साथ नहाने के लिए नदी में चला गया, जो कि एक प्रतिबंधित घाट है। नहाने के दौरान नदी के बहाव में आने के कारण बह गया।

SDRF इंस्पेक्टर कविंद्र सजवाण के मुताबिक, डूबने वाले युवक की पहचान हर्षित उपाध्याय पुत्र नंद किशोर, उम्र 20 वर्ष, ग्राम सीमा रिस्तना, भीकियासैन, अल्मोड़ा का रहने वाला है। प्राप्त परिचय पत्र के अनुसार युवक श्रीरंगम लक्ष्मी आदर्श संस्कृत महाविद्यालय, श्रीधाम बृंदावन, जिला मथुरा का छात्र है।

एसडीआरएफ / पुलिस प्रशासन द्वारा आमजन से अपील की जाती है कि नदी किनारे एवं रैपिड क्षेत्र में सावधानी बरतें तथा सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें