चमोली | चमोली जिले के नारायणबगड़ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में शनिवार को एक दर्दनाक हादसे में चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी की मौत हो गई। अस्पताल परिसर में मरम्मत के दौरान क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल अचानक भरभराकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
मरम्मत कार्य के दौरान हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 25 जून को हुई भारी बारिश के दौरान अस्पताल परिसर की बाउंड्रीवाल बहकर आए मलबे के कारण गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गई थी। शनिवार को दीवार की मरम्मत का कार्य चल रहा था। इसी दौरान चिकित्सा प्रभारी डॉ. नवीन चंद्र डिमरी मरम्मत कार्य का निरीक्षण कर रहे थे कि पहले से कमजोर हो चुकी दीवार अचानक उनके ऊपर गिर पड़ी।
हादसे के बाद अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने तत्काल मलबा हटाकर उन्हें बाहर निकाला और उपचार शुरू किया। अस्पताल की चिकित्सक डॉ. रिया घिल्डियाल ने उनकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर किया, लेकिन रास्ते में ही उनकी मृत्यु हो गई।
स्वास्थ्य विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर
डॉ. नवीन चंद्र डिमरी के आकस्मिक निधन की सूचना मिलते ही स्वास्थ्य विभाग, जनप्रतिनिधियों और क्षेत्रवासियों में शोक की लहर दौड़ गई। सभी ने उनके निधन को स्वास्थ्य विभाग के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
जर्जर सरकारी भवनों की सुरक्षा पर उठे सवाल
घटना के बाद पूर्व ब्लॉक प्रमुख यशपाल सिंह, ब्लॉक प्रमुख गणेश चंदोला, दलीप नेगी और व्यापार मंडल अध्यक्ष जयबीर कंडारी समेत कई जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने अस्पताल सहित अन्य सरकारी भवनों की जर्जर संरचनाओं की समय रहते जांच और मरम्मत कराने की मांग की।
उन्होंने कहा कि यदि क्षतिग्रस्त बाउंड्रीवाल को पहले ही सुरक्षित तरीके से हटाया या उसकी मरम्मत कर दी जाती, तो यह दर्दनाक हादसा टाला जा सकता था।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
