राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 की तैयारियों को लेकर हल्द्वानी में आयोजित हुई समीक्षा बैठक, CDO ने दिए समयबद्ध तैयारियों के निर्देश

हल्द्वानी। जनपद नैनीताल के एम.बी. इंटर कॉलेज मैदान, हल्द्वानी में प्रस्तावित राष्ट्रीय स्तरीय सरस मेला 2026-27 के सफल आयोजन को लेकर गुरुवार को विकासखंड कार्यालय हल्द्वानी के सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने की। इस दौरान मेले के आयोजन से जुड़ी विभिन्न व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा करते हुए संबंधित विभागों को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए।

सुरक्षा से लेकर यातायात और बुनियादी सुविधाओं पर चर्चा

बैठक में मेले के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, अग्निशमन व्यवस्था, पेयजल, विद्युत आपूर्ति, साफ-सफाई और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के आयोजन को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई।

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने निर्देश दिए कि मेले में एक कंट्रोल रूम स्थापित किया जाए, जिसमें विद्युत विभाग, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पुलिस, अग्निशमन और वन विभाग सहित महत्वपूर्ण विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने सभी सांसदों, विधायकों और अतिथियों को समय से आमंत्रण पत्र एवं ई-कार्ड भेजने के निर्देश भी दिए, ताकि निर्धारित समय सीमा के भीतर कार्यक्रम की व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित हो सकें।

18 नवंबर तक पूरी करें बुकिंग प्रक्रिया

मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि 18 नवंबर तक सरस मेले से संबंधित सभी प्रकार की बुकिंग प्रक्रिया पूर्ण कर ली जाए। साथ ही आमंत्रण पत्र सभी संबंधित व्हाट्सएप नंबरों पर समय से भेजना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कार्यक्रम स्थल का विस्तृत मैप तैयार कर शीघ्र प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने कहा कि सरस मेला जनपद का प्रतिष्ठित राष्ट्रीय आयोजन है, जिसमें देशभर से स्वयं सहायता समूहों के प्रतिभागियों के साथ बड़ी संख्या में आमजन पहुंचेंगे। ऐसे में सभी व्यवस्थाएं सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित होनी चाहिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी प्रकार की असुविधा या व्यवधान न हो।

विभागों को सौंपी गई अलग-अलग जिम्मेदारियां

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने संबंधित विभागों को उनकी जिम्मेदारियां स्पष्ट करते हुए आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। पुलिस एवं परिवहन विभाग को सुरक्षा और पार्किंग की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। स्वास्थ्य विभाग को मेला स्थल पर चिकित्सा शिविर और एंबुलेंस की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए।

इसी प्रकार जल संस्थान और विद्युत विभाग को निर्बाध पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, नगर निगम हल्द्वानी को साफ-सफाई और कचरा प्रबंधन की उचित व्यवस्था करने तथा पर्यटन एवं संस्कृति विभाग को सांस्कृतिक कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा सरस मेले का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने और मीडिया सेल की व्यवस्था के लिए जिला सूचना अधिकारी को जिम्मेदारी सौंपी गई। मेले में विभागीय स्टॉल भी लगाए जाएंगे।

तैयारियों की नियमित समीक्षा होगी

मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे ने कहा कि मेले की तैयारियों की नियमित समीक्षा की जाएगी। सभी विभागों को सौंपे गए दायित्व निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरे करना अनिवार्य होगा। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय और जिम्मेदारी के साथ कार्य करते हुए मेले का सफल एवं व्यवस्थित आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में ये अधिकारी रहे मौजूद

बैठक में परियोजना निदेशक शिल्पी पन्त, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पन्त, अधिशासी अभियंता विद्युत परीक्षण खंड हल्द्वानी प्रदीप बिष्ट, अधिशासी अभियंता जल संस्थान रवि शंकर लोसाली, मुख्य कोषाधिकारी कमलेश भंडारी, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, जिला उद्यान अधिकारी प्रेमा राणा, महाप्रबंधक जिला उद्योग पल्लवी गुप्ता, जिला पर्यटन अधिकारी कीर्ति आर्य सहित समस्त खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें