ऋषिकेश: छठे गणेश महोत्सव का भव्य शुभारंभ—पद्मश्री प्रीतम भारतवाण, महापौर शंभू पासवान ने किया उद्घाटन

ऋषिकेश। श्री गणेश महोत्सव के अवसर पर श्री गणपति सेवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित तीन दिवसीय छठे गणेश महोत्सव का सोमवार को भव्य शुभारंभ हुआ। हरिद्वार रोड स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित महोत्सव का उद्घाटन उत्तराखंड के पद्मश्री जागर सम्राट प्रीतम भारतवाण, ऋषिकेश के महापौर शंभू पासवान एवं पूर्व महापौर अनिता ममगाईं ने संयुक्त रूप से किया।

विश्व हिंदू महासंघ एवं श्री गणपति सेवा मंडल ऋषिकेश के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित महोत्सव के पहले दिन भगवान गणपति की प्रतिमा की विधि-विधान और मंत्रोच्चार के साथ स्थापना की गई। इस दौरान श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम स्थल गणपति बप्पा के जयकारों और भजनों से गूंजता रहा, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

प्रीतम भारतवाण के जागरों पर झूमे श्रद्धालु

महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर जागर सम्राट प्रीतम भारतवाण ने अपनी प्रस्तुति से श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। उन्होंने सर्वप्रथम उत्तराखंड के देवी-देवताओं का आह्वान करते हुए भजनों और जागरों की शुरुआत की। उनके जागरों एवं भक्ति संगीत पर श्रद्धालु देर तक झूमते रहे।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने भगवान गणेश की पूजा-अर्चना कर प्रदेश एवं क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की।

14 से 16 सितंबर तक होंगे धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम

आयोजकों के अनुसार गणेश महोत्सव 14 से 16 सितंबर तक चलेगा। इस दौरान धार्मिक, सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रमों के साथ विभिन्न भजन संध्याओं का आयोजन किया जा रहा है।

आयोजकों ने बताया कि महोत्सव का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को आगे बढ़ाने के साथ समाज में आपसी भाईचारे और एकजुटता की भावना को मजबूत करना है। महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

ग्रामीण क्षेत्रों से भी पहुंचे श्रद्धालु

गणेश महोत्सव में ऋषिकेश नगर के साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आयोजन स्थल पर विभिन्न व्यवस्थाएं की गई थीं। पूरे दिन कार्यक्रम स्थल पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी रही और वातावरण गणपति बप्पा के जयकारों से गूंजता रहा।

कार्यक्रम में डीएम आशीष चौहान, महापौर शंभू पासवान, पूर्व महापौर अनिता ममगाईं, शूरवीर सिंह सजवाण, ललित जिंदल, न्यू स्टार क्लब के संस्थापक केके सचदेवा, सुधीर राय, रामकुमार संगर, अनिल रावत, दिनेश मास्टर, हितेंद्र पवार, योगेश कालड़ा, आलोक चावला, डॉ. राजेश मनचंदा और जितेंद्र पाल पार्टी सहित सैकड़ों महिलाएं एवं पुरुष उपस्थित रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें