ऋषिकेश: बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने ट्रांजिट कैंप में नव स्थापित कार्यालय का किया औचक निरीक्षण

  • चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप ऋषिकेश में नव स्थापित बीकेटीसी कार्यालय का अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने औचक निरीक्षण किया
  • यात्रा व्यवस्थाओं का लिया जायजा
  • ऋषिकेश में ट्रांजिट कैंप में जल्द शिफ्ट होगा देहरादून ऑफिस बीकेटीसी का

ऋषिकेश: चारधाम यात्रा ट्रांजिट कैंप परिसर, ऋषिकेश स्थित श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति (बीकेटीसी) के नव स्थापित कार्यालय का बीकेटीसी अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय की विभिन्न व्यवस्थाओं तथा निर्मित विभिन्न कार्यालय कक्षों का जायजा लिया, ताकि यथाशीघ्र बीकेटीसी कार्यालय का संचालन सुनिश्चित हो सके।

निरीक्षण के दौरान अध्यक्ष ने कार्यालय कक्ष, पूछताछ काउंटर, आईटी सेल, मीडिया सेंटर तथा सभागार का निरीक्षण करते हुए निर्माण एवं व्यवस्थाओं की समीक्षा की। साथ ही ट्रांजिट कैंप परिसर में यात्रियों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं का भी अवलोकन किया।

बीकेटीसी अध्यक्ष ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि चारधाम यात्रा के दौरान तीर्थयात्रियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी व्यवस्थाएं सुचारु एवं सुदृढ़ रखी जाएं। उन्होंने आईटी और सूचना तंत्र को और अधिक प्रभावी बनाने पर भी जोर दिया।

इस अवसर पर हेमंत द्विवेदी ने चारधाम यात्रा पर आने वाले तीर्थयात्रियों की समस्याएं भी सुनीं और उनके त्वरित समाधान के निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश सहसंयोजक अमन कुकरेती, नितिन शर्मा, खुमेद्र सिंह, पीआरओ अजय जी, बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़, कार्यालय प्रभारी संजय भट्ट, विनोद नौटियाल, निर्माण एजेंसी के विनोद कुमार, सागर कश्यप आदि मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें