गौचर (चमोली)। राष्ट्रीय हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर गौचर प्रेस क्लब में ‘एआई और सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारिता की चुनौतियां’ विषय पर विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) के बढ़ते प्रभाव, सोशल मीडिया की भूमिका और समाचारों की विश्वसनीयता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई।
विशिष्ट अतिथियों ने रखे अपने विचार
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उद्यान वैज्ञानिक (सेवानिवृत्त) इन्द्र सिंह नेगी, भारतीय श्रमजीवी पत्रकार संघ के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री तथा वरिष्ठ पत्रकार एवं लेखक शंकर सिंह भाटिया ने शिरकत की। वहीं समाजसेवी एवं आईटी विशेषज्ञ अजय किशोर भंडारी ने मुख्य वक्ता के रूप में अपने विचार रखे।
तथ्यों की पुष्टि के बाद ही प्रकाशित हों समाचार : अजय किशोर भंडारी
मुख्य वक्ता अजय किशोर भंडारी ने कहा कि वर्तमान दौर में हिंदी पत्रकारिता पर एआई और सोशल मीडिया का व्यापक प्रभाव पड़ रहा है। तकनीक ने जहां समाचारों के संकलन और प्रसारण को तेज एवं आसान बनाया है, वहीं इसके दुरुपयोग से पत्रकारिता के सामने कई नई चुनौतियां भी खड़ी हुई हैं।
उन्होंने कहा कि आज पत्रकारिता के सामने सबसे बड़ी चुनौती समाचारों की विश्वसनीयता और तथ्यपरकता बनाए रखना है। ऐसे में पत्रकारों को किसी भी खबर को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी सत्यता की पूरी जांच करनी चाहिए। केवल तेजी से खबर देने की होड़ में तथ्यों और पत्रकारिता के मूल्यों से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाना चाहिए।
उन्होंने बदलते तकनीकी परिवेश में पत्रकारों से जिम्मेदारी, सतर्कता और पत्रकारिता के बुनियादी सिद्धांतों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
