पोखरी: राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में उत्साह के साथ मनाया गया गढ़भोज दिवस—छात्राओं को परोसी गई भट्ट की चुड़काणी और झंगोरे की खीर

पोखरी। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज पोखरी में सोमवार को गढ़भोज दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर छात्राओं को उत्तराखंड के पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजनों से रूबरू कराया गया। विद्यालय में छात्राओं को भट्ट की चुड़काणी और झंगोरे की खीर परोसी गई, जिसका छात्राओं ने उत्साहपूर्वक आनंद लिया।

मिलेट्स के पोषण और स्वास्थ्य लाभ बताए

कार्यक्रम से पहले छात्राओं को उत्तराखंड के पारंपरिक पहाड़ी मोटे अनाज यानी मिलेट्स मंडुआ और झंगोरा आदि के पोषण एवं स्वास्थ्य संबंधी महत्व की जानकारी दी गई।

छात्राओं ने वाद-विवाद और भाषण प्रतियोगिता के साथ जागरूकता रैली में भी भाग लिया। इसके माध्यम से पारंपरिक अनाज, स्थानीय उत्पादों और पहाड़ी खान-पान को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

स्थानीय उत्पादों से किसानों की आय बढ़ाने पर जोर

विद्यालय के प्रधानाचार्य गंभीर सिंह असवाल ने कहा कि उत्तराखंड में हर वर्ष 7 अक्टूबर को गढ़भोज दिवस मनाया जाता है। इसका उद्देश्य पारंपरिक फसलों और स्थानीय व्यंजनों को पहचान दिलाने के साथ मंडुआ और झंगोरा जैसे पौष्टिक मिलेट्स को प्रोत्साहित करना है।

उन्होंने कहा कि स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा मिलने से किसानों की आय बढ़ाने के साथ ही पहाड़ी भोजन को रोजगार और आर्थिकी का आधार बनाया जा सकता है।

प्रधानाचार्य ने कहा कि गढ़भोज उत्तराखंड की मिट्टी, खेती, जैव विविधता और समृद्ध खान-पान की सामूहिक विरासत से जुड़ा है। पारंपरिक व्यंजनों के पोषण और स्वास्थ्य लाभों की जानकारी नई पीढ़ी तक पहुंचाना भी गढ़भोज दिवस का महत्वपूर्ण उद्देश्य है।

शिक्षिकाओं और भोजन माताओं ने परोसे पारंपरिक व्यंजन

कार्यक्रम के दौरान शिक्षिकाओं विजयालक्ष्मी रावत, रेखा पटवाल राणा, पूनम रानी नेगी, इंदु आर्य, पुष्पा नेगी, प्राची राणा, सविता राज, विशेश्वरी सजवाण, पूजा गोस्वामी और दामिनी ने छात्राओं को गढ़भोज के तहत पारंपरिक एवं पौष्टिक व्यंजन परोसे।

इस अवसर पर कार्यालय कर्मचारी रेखा सती और दिव्या थपलियाल तथा भोजन माताएं सुमन देवी और माहेश्वरी देवी भी मौजूद रहीं।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें