पोखरी: बमोथ विद्यालय में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान, पौधरोपण के साथ स्वच्छता का लिया संकल्प

पोखरी। केदारनाथ वन प्रभाग की नागनाथ रेंज के तत्वावधान में ग्राम बमोथ स्थित जनता उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में वन महोत्सव के तहत ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान चलाया गया। इस दौरान विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए।

छात्र-छात्राओं ने लिया स्वच्छता का संकल्प

वन दरोगा प्रकाश सिंह कंडारी के नेतृत्व में विद्यालय के प्रधानाचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाओं, प्रबंधक और छात्र-छात्राओं ने पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। साथ ही स्वच्छता पखवाड़े के तहत विद्यालय परिसर और आसपास के क्षेत्र में सफाई अभियान भी चलाया गया।

वन दरोगा प्रकाश सिंह कंडारी ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक पौधरोपण करने और आसपास स्वच्छता बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि पौधरोपण और स्वच्छता के सामूहिक प्रयासों से पर्यावरण को बेहतर बनाया जा सकता है।

इस अवसर पर वन दरोगा प्रकाश कंडारी, हरीश चौहान, देवेंद्र राणा सहित विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें