चमोली की प्रतिभा रावत ने राज्य विज्ञान संगोष्ठी में हासिल किया प्रथम स्थान

 

गोपेश्वर। जनपद चमोली की होनहार छात्रा प्रतिभा रावत ने राज्य स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया है। भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 (संभावनाएं एवं चुनौतियां) विषय पर आयोजित राज्य विज्ञान संगोष्ठी-2026 में प्रथम स्थान हासिल कर उन्होंने अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इस उपलब्धि के बाद अब प्रतिभा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में उत्तराखंड का प्रतिनिधित्व करेंगी।

प्रदेशभर के प्रतिभागियों के बीच हासिल किया पहला स्थान

10 अक्टूबर 2026 को एससीईआरटी उत्तराखंड में आयोजित राज्य विज्ञान संगोष्ठी में जेएसएनएसएन मेमोरियल स्कूल, गैरसैंण की कक्षा 10 की छात्रा प्रतिभा रावत ने प्रदेशभर के प्रतिभागियों के बीच शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया।

संगोष्ठी का विषय ‘भारतीय ऊर्जा परिदृश्य-2047 : संभावनाएं एवं चुनौतियां’ था। ऊर्जा के भविष्य, उससे जुड़ी संभावनाओं और चुनौतियों पर प्रतिभा की प्रस्तुति को सराहना मिली। इस सफलता के साथ उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए भी अपनी जगह सुनिश्चित की।

मेहनत और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम

प्रतिभा रावत की इस उपलब्धि को उनकी मेहनत, विषय की गहरी समझ और मार्गदर्शक शिक्षकों के उचित निर्देशन का परिणाम माना जा रहा है। उनकी सफलता से विद्यालय परिवार, अभिभावकों और जनपद के शिक्षा विभाग में खुशी का माहौल है।

विज्ञान समन्वयक ने दी बधाई

जनपद चमोली के विज्ञान समन्वयक एवं इंस्पायर अवार्ड मानक के जिला समन्वयक जीएस असवाल ने प्रतिभा रावत को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय छात्रा के मार्गदर्शक शिक्षक-शिक्षिकाओं, विद्यालय परिवार, अभिभावकों, विज्ञान टीम चमोली और शिक्षा विभाग के योगदान को भी दिया। साथ ही, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता के लिए चयनित प्रतिभा को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि वह वहां भी अपने प्रदर्शन से जनपद और प्रदेश का गौरव बढ़ाएंगी।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें