कर्णप्रयाग और सिमली में बनेगी आधुनिक पार्किंग, चारधाम यात्रियों को मिलेगी सुविधा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के तहत चारधाम यात्रा को अधिक सुरक्षित, सुव्यवस्थित और सुगम बनाने की दिशा में गुरुवार को आवास विभाग के सचिव डॉ. आर. राजेश कुमार की अध्यक्षता में कर्णप्रयाग एवं सिमली पार्किंग परियोजनाओं की विस्तृत वित्तीय समिति (DFC) की बैठक आयोजित हुई। बैठक में दोनों परियोजनाओं के वित्तीय, तकनीकी और निर्माण संबंधी पहलुओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी औपचारिकताएं समयबद्ध ढंग से पूरी कर निर्माण कार्य शीघ्र शुरू कराने के निर्देश दिए गए।

चारधाम यात्रा के लिए मजबूत होगी पार्किंग व्यवस्था

बैठक में जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण, चमोली के अधिकारियों ने परियोजनाओं का विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया। इस दौरान पार्किंग क्षमता, निर्माण लागत, स्थल चयन, यातायात सर्वेक्षण और तकनीकी मानकों पर विस्तार से चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि दोनों परियोजनाएं चारधाम यात्रा के दौरान बढ़ते यातायात दबाव को कम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी।

कर्णप्रयाग में 22 वाहनों की पार्किंग, कमर्शियल हॉल भी बनेगा

कर्णप्रयाग पार्किंग परियोजना की अनुमानित लागत 373.75 लाख रुपये निर्धारित की गई है। परियोजना के तहत 22 चारपहिया वाहनों की पार्किंग सुविधा विकसित की जाएगी। इसके प्रथम तल पर आधुनिक कमर्शियल हॉल भी बनाया जाएगा, जिससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलने के साथ राजस्व सृजन भी होगा। अधिकारियों ने बताया कि इससे बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे होने वाली अनियोजित पार्किंग और जाम की समस्या में राहत मिलेगी।

सिमली बनेगा ट्रैफिक प्रबंधन का प्रमुख केंद्र

सिमली पार्किंग परियोजना की अनुमानित लागत 398.85 लाख रुपये है, जिसमें 30 चारपहिया वाहनों की पार्किंग क्षमता विकसित की जाएगी। राष्ट्रीय राजमार्ग-07 पर स्थित सिमली चारधाम यात्रा, श्री नंदा देवी राजजात यात्रा और गैरसैंण मार्ग का प्रमुख जंक्शन है। नई पार्किंग बनने से सड़क किनारे वाहनों का दबाव कम होगा और यातायात अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित हो सकेगा।

गुणवत्ता और समयबद्धता पर रहेगा विशेष फोकस

सचिव आवास डॉ. आर. राजेश कुमार ने अधिकारियों को परियोजनाओं से जुड़ी सभी वित्तीय, तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि गुणवत्ता और समयबद्ध निर्माण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है, ताकि यात्रियों और स्थानीय नागरिकों को जल्द बेहतर सुविधाएं मिल सकें।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार चारधाम यात्रा मार्गों पर आधुनिक आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। कर्णप्रयाग और सिमली पार्किंग परियोजनाएं बेहतर यातायात प्रबंधन, यात्रियों की सुविधा और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित होंगी।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें