देहरादून। कुंभ मेला-2027 के दौरान आपदा प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने गुरुवार को सचिवालय में संबंधित विभागों और जिलाधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने अधिकारियों को संभावित आपदाओं और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सभी तैयारियाँ समय से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि मेला अवधि में किसी भी आपात स्थिति में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
सेक्टरवार तैयार हो इवेक्यूएशन प्लान
मुख्य सचिव ने पूरे कुंभ क्षेत्र के लिए सेक्टरवार निकासी योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्राउड मैनेजमेंट, ट्रैफिक व्यवस्था, इवेक्यूएशन प्लान और फायर कंट्रोल मैकेनिज्म को शामिल करते हुए एक समेकित आपदा प्रबंधन योजना तैयार की जाए।
उन्होंने भूकंप, बाढ़ और केमिकल, बायोलॉजिकल, रेडियोलॉजिकल एवं न्यूक्लियर (CBRN) जैसी संभावित आपात स्थितियों के लिए स्पष्ट SOP तैयार करने को भी कहा।
उपकरणों की उपलब्धता के साथ प्रशिक्षण पर जोर
मुख्य सचिव ने बाढ़, भूकंप और CBRN आपदा से निपटने के लिए आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केवल उपकरण खरीदना पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका नियमित रखरखाव, संचालन और संबंधित कार्मिकों का प्रशिक्षण भी ज़रूरी है।
उन्होंने उपकरणों से जुड़े गैप का आकलन कर SDRF के माध्यम से कुंभ मेला-2027 के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करने को कहा।
पीक टाइम में होंगी मॉक ड्रिल
मुख्य सचिव ने ATS को और मजबूत करने के निर्देश देते हुए मेले और पर्वों के पीक टाइम को ध्यान में रखते हुए नियमित मॉक ड्रिल आयोजित करने को कहा। इन मॉक ड्रिल में आपातकालीन परिस्थितियों का वास्तविक रूप से सिमुलेशन कर वैकल्पिक मार्गों और रिस्पांस मैकेनिज्म की प्रभावशीलता परखी जाएगी।
उन्होंने कहा कि सभी तैयारियों का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में रिस्पांस टाइम को न्यूनतम करना होना चाहिए।
AI और आधुनिक तकनीक के इस्तेमाल पर जोर
मुख्य सचिव ने कुंभ मेले के दौरान विभिन्न विभागों से प्राप्त सूचनाओं और अनुभवों का व्यवस्थित डेटाबेस तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि भविष्य में होने वाले बड़े आयोजनों में इसका उपयोग किया जा सके।
उन्होंने आवश्यक तकनीकी और विशेषज्ञ सहयोग के लिए ITDA, आपदा प्रबंधन विभाग एवं संबंधित संस्थाओं की मदद लेने तथा ज़रूरत के अनुसार विशेषज्ञों को हायर करने के निर्देश भी दिए।
संचार व्यवस्था और अफवाहों की रोकथाम पर फोकस
मेले के दौरान कम्युनिकेशन मैनेजमेंट को मजबूत करने पर भी जोर दिया गया। मुख्य सचिव ने अफवाहों की रोकथाम के लिए प्रभावी व्यवस्था विकसित करने के निर्देश दिए। साथ ही पीक टाइम में बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए मोबाइल नेटवर्क की क्षमता बढ़ाने और आवश्यकता पड़ने पर अतिरिक्त मोबाइल टावर एवं संचार सुविधाएँ उपलब्ध कराने को कहा।
कंट्रोल रूम को मजबूत करने के निर्देश
मुख्य सचिव ने कंट्रोल रूम को मजबूत करने के साथ ही सभी संबंधित विभागों के बीच नियमित समन्वय बैठकें आयोजित कर तैयारियों को समयबद्ध तरीके से पूरा करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि कुंभ मेला-2027 बड़े स्तर का आयोजन है और किसी भी संभावित आपदा से प्रभावी ढंग से निपटने के लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ पूरी तरह तैयार रहना होगा।
बैठक में सचिव शैलेश बगौली, नितेश कुमार झा, विनय शंकर पाण्डेय, गढ़वाल आयुक्त आनंद स्वरूप, मेलाधिकारी सोनिका सहित संबंधित विभागों के वरिष्ठ अधिकारी एवं जिलाधिकारी उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
