कर्णप्रयाग। ग्राम सेनू निवासी ज्योति की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में कर्णप्रयाग पुलिस ने नामजद आरोपी उसके पति सूरज कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, पंचायतनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विवेचना के दौरान सामने आए अन्य साक्ष्यों के आधार पर बुधवार, 23 सितंबर को यह कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पिता की तहरीर पर दर्ज हुआ था मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, मेहरगांव निवासी धनीराम ने सितंबर माह में कोतवाली कर्णप्रयाग में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि उनकी पुत्री ज्योति, पत्नी सूरज कुमार निवासी ग्राम सेनू, की छह सितंबर को उसके पति सूरज कुमार, जेठ विनोद कुमार, ससुर गोपाल लाल और सास तारा देवी ने हत्या की है।
तहरीर के आधार पर कोतवाली कर्णप्रयाग में मुकदमा अपराध संख्या 27/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) में अभियोग पंजीकृत किया गया था।
एसपी के निर्देश पर शुरू हुई गहन विवेचना
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार ने निष्पक्ष एवं प्रभावी विवेचना के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस उपाधीक्षक कर्णप्रयाग त्रिवेंद्र सिंह राणा के पर्यवेक्षण में पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान मृतका के पंचायतनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य प्राप्त साक्ष्यों का परीक्षण किया गया। पुलिस के अनुसार, इन साक्ष्यों के आधार पर नामजद आरोपी सूरज कुमार पुत्र गोपाल लाल, निवासी ग्राम सेनू, थाना कर्णप्रयाग, उम्र 29 वर्ष को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले में अग्रिम विवेचनात्मक कार्रवाई जारी है और अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक विनोद प्रसाद थपलियाल, वरिष्ठ उपनिरीक्षक संजय सिंह नेगी, हेड कांस्टेबल दर्शन और कांस्टेबल अमित कुकरेती शामिल रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
