कर्णप्रयाग। नगर क्षेत्र की समस्याओं के त्वरित समाधान और आमजन की शिकायतों पर शीघ्र कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए नगर पालिका परिषद कर्णप्रयाग ने हेल्पलाइन नंबर जारी किया है। अब नगरवासी घर बैठे अपनी समस्याओं और शिकायतों की सूचना पालिका प्रशासन तक पहुंचा सकेंगे।
इन समस्याओं की कर सकेंगे शिकायत
नगर पालिका अध्यक्ष गणेश शाह ने बताया कि नगरवासियों की सुविधा के लिए 9410755904 हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। इस नंबर पर नगरवासी सफाई व्यवस्था, विद्युत आपूर्ति, पथ प्रकाश, कूड़ा निस्तारण, जल निकासी और स्वच्छता से संबंधित समस्याओं की शिकायत दर्ज करा सकेंगे।
उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने और नागरिकों की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करने के लिए पालिका लगातार प्रयास कर रही है। हेल्पलाइन शुरू होने से लोगों को छोटी-बड़ी शिकायतों के लिए पालिका कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।
शिकायतों पर होगी आवश्यक कार्रवाई
पालिका अध्यक्ष ने बताया कि हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त शिकायतों का संज्ञान लेकर उनके निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इसका उद्देश्य नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ समस्याओं के समाधान की प्रक्रिया को अधिक सुगम बनाना है।
उन्होंने नगरवासियों से अपील की कि नगर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने में पालिका का सहयोग करें और किसी भी समस्या के सामने आने पर जारी हेल्पलाइन नंबर पर शिकायत दर्ज कराएं।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
