हरिद्वार: डीपीएस रानीपुर के 50 वर्ष पूर्ण होने पर ‘स्वर्ण अक्षर-2026’ का आयोजन—मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन रहे मुख्य अतिथि

हरिद्वार, 10 सितंबर। डीपीएस रानीपुर के 50 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित ‘द गोल्डन जुबली लिटरेसी फेस्टिवल- गोल्डन कंटिन्यूम : स्वर्ण अक्षर-2026’ में मुख्य सचिव उत्तराखंड आनंद वर्द्धन ने मुख्य अतिथि के रूप में प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य सचिव ने दीप प्रज्वलित करने के साथ किया। इस दौरान राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम्’ का गायन भी हुआ।

‘स्वर्ण अक्षर’ नाम में छिपा विशेष अर्थ

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य सचिव आनंद वर्द्धन ने कहा कि ‘स्वर्ण अक्षर’ नाम अपने आप में विशेष अर्थ रखता है। स्वर्ण अनमोलता का प्रतीक है, जबकि अक्षर मानव मन के विचारों, कल्पना और शक्ति को अभिव्यक्त करने का माध्यम हैं।

उन्होंने कहा कि किसी भी संस्थान के लिए 50 वर्षों की यात्रा महत्वपूर्ण उपलब्धि और गौरव का विषय होती है। किसी संस्था का निर्माण केवल कक्षाओं और भवनों से नहीं, बल्कि छात्रों, शिक्षकों और उससे जुड़े सभी लोगों के योगदान से होता है।

तकनीकी और AI के दौर में साहित्य की भूमिका महत्वपूर्ण

मुख्य सचिव ने कहा कि वर्तमान समय तकनीकी विकास और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का है। ऐसे दौर में साहित्य की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने कहा कि चारों ओर उपलब्ध सूचना को केवल ज्ञान नहीं कहा जा सकता। साहित्य व्यक्ति को प्रश्न पूछने, चिंतन करने और अपने ज्ञान का विस्तार करने की क्षमता प्रदान करता है।

उन्होंने छात्रों को पाठ्यक्रम तक सीमित न रहने और अधिक से अधिक साहित्य पढ़ने के साथ निरंतर सीखने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय के विकास में योगदान देने वाले शिक्षकों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि डीपीएस के छात्र विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने के लिए तैयार हैं।

आधुनिकता के साथ अपनी जड़ों से जुड़े रहें छात्र

मुख्य सचिव ने छात्रों से आह्वान किया कि वे समय-समय पर स्वयं से तीन सवाल जरूर पूछें—मैंने क्या सीखा, मैंने क्या योगदान दिया और मैंने किसकी मदद की।

उन्होंने कहा कि आधुनिकता को अपनाना जरूरी है, लेकिन इसके साथ अपनी संस्कृति, परंपराओं और जड़ों से जुड़े रहना भी उतना ही महत्वपूर्ण है।

उन्होंने उत्तराखंड के हिमालय, लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि ये सभी साहित्य के महत्व को और अधिक रेखांकित करते हैं।

विद्यालय की 50 वर्षों की यात्रा पर दिखाई शॉर्ट फिल्म

कार्यक्रम के दौरान डीपीएस रानीपुर की 50 वर्षों की गौरवपूर्ण यात्रा पर आधारित शॉर्ट फिल्म का प्रदर्शन किया गया। विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न शास्त्रीय एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा और तालियों से उत्साहवर्धन किया।

ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष आशुतोष शर्मा, शिवालिक नगर पालिका अध्यक्ष राजीव शर्मा, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, बीएचईएल के चीफ फाइनेंस ऑफिसर राजेश कुमार द्विवेदी, बीएचईएल के कार्यकारी निदेशक रंजन कुमार, स्कूल प्रिंसिपल अनुपम जग्गा, वाइस प्रिंसिपल डॉ. पविंदर सिंह, वाइस प्रिंसिपल एकेडमिक्स अनुपमा श्रीवास्तव, डीपीएस रानीपुर के प्रो-वाइस चेयरमैन एनएस राणा सहित शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं और अभिभावक मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें