गोपेश्वर-घींगराण मोटर मार्ग पर लगातार भूस्खलन—जिला प्रशासन अलर्ट, प्रभावित परिवारों को किया गया विस्थापित

चमोली। गोपेश्वर-घींगराण मोटर मार्ग के ब्रह्म सेंड क्षेत्र में लगातार हो रहे भूस्खलन को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है। जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि भूस्खलन के कारण जिन आवासीय भवनों पर अधिक खतरा बना हुआ है, वहां रह रहे लोगों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित कर दिया गया है।

जिलाधिकारी ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में सुरक्षात्मक कार्यों के लिए लोक निर्माण विभाग को 25 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। विभाग को आवश्यक सुरक्षात्मक कार्य जल्द शुरू करने के निर्देश दिए गए हैं।

लोक निर्माण और सिंचाई विभाग के साथ बनेगी कार्ययोजना

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि स्थिति को देखते हुए लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर बृहद कार्ययोजना तैयार की जाएगी। इसके तहत क्षेत्र में भूस्खलन से उत्पन्न खतरे को कम करने और आवश्यक सुरक्षात्मक उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने पर काम किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि प्रशासन पूरे मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और प्रभावित क्षेत्र की स्थिति की निगरानी की जा रही है।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें