गौचर (चमोली)। बीती रात हुई भारी बारिश से गौचर क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। बारिश के कारण पनाई क्षेत्र में शिवालय और कुलदीप सिंह बिष्ट के घर में मलबा घुस गया। वहीं मुख्य बाजार और डाटपुल क्षेत्र में भी कई घरों और दुकानों में पानी व मलबा पहुंचने से नुकसान हुआ है।
खेतों में खड़ी फसलें बर्बाद
भारी बारिश का असर क्षेत्र की कृषि पर भी पड़ा है। खेतों में खड़ी धान, मंडुवा और दंगोर समेत अन्य फसलों को नुकसान पहुंचा है। फसलों के बर्बाद होने से किसानों की चिंता बढ़ गई है और उन्हें आर्थिक नुकसान की आशंका है।
मोटर मार्ग पर आया मलबा
बारिश के चलते गौचर-कांडा-सिंदरवाणी मोटर मार्ग भी कई स्थानों पर मलबा आने से बाधित हो गया। इससे स्थानीय लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई।
जेसीबी से शुरू कराया मलबा हटाने का काम
स्थिति की जानकारी मिलने के बाद नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमंत चौहान सहित अन्य अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। अधिकारियों की मौजूदगी में जेसीबी और स्वच्छता कर्मियों की मदद से मलबा हटाने का कार्य शुरू कराया गया।
जलभराव और सड़क के गड्ढों से बढ़ी परेशानी
मुख्य बाजार क्षेत्र में जलभराव और सड़कों पर बने गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। व्यापारियों ने प्रशासन से सड़क की मरम्मत कराने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग की है।
रिपोर्ट: प्रदीप चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
