बाजपुर में ओलावृष्टि से फसलों को नुकसान, मुख्यमंत्री धामी ने किया हवाई सर्वेक्षण

 

बाजपुर, 9 अक्टूबर। बाजपुर क्षेत्र में शुक्रवार दोपहर करीब 12 बजे हुई भीषण ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा। इसकी सूचना मिलते ही मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण किया और बाजपुर पहुंचकर खेतों का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने प्रभावित किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।

सूचना मिलते ही बाजपुर की ओर मोड़ा हेलीकॉप्टर

मुख्यमंत्री धामी शुक्रवार को हल्द्वानी से देहरादून लौट रहे थे। इसी दौरान उन्हें बाजपुर क्षेत्र में भीषण ओलावृष्टि और फसलों को हुए नुकसान की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही उन्होंने खराब मौसम के बावजूद पायलट को हेलीकॉप्टर बाजपुर की ओर ले जाने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने पहले हेलीकॉप्टर से प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। इसके बाद बाजपुर में उतरकर प्रभावित खेतों का निरीक्षण किया और किसानों से सीधे संवाद कर नुकसान की जानकारी ली।

किसानों की समस्याएं सुनीं, सहायता का दिया भरोसा

स्थलीय निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रभावित किसानों से फसलों को हुए नुकसान और उनकी परेशानियों के बारे में जानकारी प्राप्त की। उन्होंने किसानों को भरोसा दिलाया कि राज्य सरकार इस कठिन परिस्थिति में उनके साथ खड़ी है और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

नुकसान का आकलन कर समयबद्ध राहत देने के निर्देश

मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों का विस्तृत सर्वेक्षण करने और नुकसान का आकलन प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि प्रभावित किसानों को नियमानुसार राहत उपलब्ध कराने के लिए सभी आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाए।

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यह भी निर्देशित किया कि किसानों की समस्याओं के समाधान में अनावश्यक देरी न हो। नुकसान के आकलन से लेकर राहत उपलब्ध कराने तक पूरी प्रक्रिया तत्परता और संवेदनशीलता के साथ पूरी की जाए।

किसानों के हितों की रक्षा सरकार की प्राथमिकता : मुख्यमंत्री

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्राकृतिक आपदा की इस घड़ी में राज्य सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ किसानों के साथ खड़ी है। किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें हरसंभव सहायता उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें