देहरादून: सांसद अनिल बलूनी ने ‘नेफा हीरो’ बाबा जसवंत सिंह रावत के पैतृक गांव बाडियूँ का किया दौरा—जन्मस्थली पर अर्पित की श्रद्धांजलि

देहरादून। गढ़वाल लोकसभा क्षेत्र से भाजपा सांसद अनिल बलूनी ने लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्र के 1962 के भारत-चीन युद्ध के अमर बलिदानी और ‘नेफा हीरो’ बाबा जसवंत सिंह रावत (महावीर चक्र) के पैतृक गांव बाडियूँ का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने उनकी जन्मस्थली पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की और वहां की माटी को नमन किया।

सांसद ने बाबा जसवंत सिंह रावत के पैतृक आवास को भव्य संग्रहालय एवं प्रेरणास्थल के रूप में विकसित करने का संकल्प लिया। इस संबंध में उन्होंने बाबा जसवंत सिंह के परिजनों से भी बातचीत की। परिजनों ने संग्रहालय निर्माण के प्रस्ताव पर सहमति जताते हुए सांसद के प्रयास की सराहना की।

पैतृक घर का होगा पुनरुद्धार

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि देश की सीमाओं की रक्षा के लिए अदम्य साहस का परिचय देने वाले बाबा जसवंत सिंह रावत का पैतृक घर वर्तमान में जीर्ण-शीर्ण अवस्था में है। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थल के पुनरुद्धार का कार्य प्राथमिकता से किया जाएगा और इसे बाबा जसवंत सिंह के जीवन एवं वीरता से जुड़े आधुनिक संग्रहालय के रूप में विकसित किया जाएगा।

बलूनी ने कहा, “बाबा जसवंत सिंह जी का बाडियूँ गांव केवल एक गांव नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति का तीर्थ है। इसे देश के वीर शहीदों के प्रमुख स्मारक के रूप में संवारा जाएगा, ताकि देश-विदेश से आने वाले लोग अपने इस ‘नेफा हीरो’ के अद्वितीय पराक्रम से रूबरू हो सकें और उन्हें नमन कर सकें।”

उन्होंने कहा कि बाबा जसवंत सिंह का बलिदान आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रसेवा के लिए प्रेरित करता रहेगा।

1962 के युद्ध में दिखाई थी अदम्य वीरता

प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, बाबा जसवंत सिंह रावत 19 वर्ष की आयु में 19 अगस्त 1960 को 4 गढ़वाल राइफल्स में भर्ती हुए थे। वर्ष 1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान अरुणाचल प्रदेश के तत्कालीन नेफा क्षेत्र के नूरानांग में उन्होंने 21 वर्ष की आयु में वीरता का परिचय दिया।

विज्ञप्ति में कहा गया है कि उन्होंने तीन दिनों तक विषम परिस्थितियों में अकेले मोर्चा संभाला और लगभग 300 दुश्मन सैनिकों को ढेर किया। मातृभूमि की रक्षा करते हुए उन्होंने सर्वोच्च बलिदान दिया। उनके शौर्य के लिए उन्हें मरणोपरांत महावीर चक्र से सम्मानित किया गया।

ग्रामीणों के बीच रात्रि प्रवास और जनसंवाद

इससे पहले अपने दो दिवसीय संगठनात्मक एवं क्षेत्रीय प्रवास के दौरान सांसद अनिल बलूनी ने चौबट्टाखाल और लैंसडाउन विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की और स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं।

जनसरोकारों से जुड़ने के क्रम में सांसद ने चौबट्टाखाल के गडरी गांव में रात्रि प्रवास भी किया। इस दौरान उन्होंने ग्रामीणों के साथ संवाद किया, उनके साथ भोजन साझा किया और स्थानीय सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया।

ग्रामीणों ने सांसद के इस अंदाज का स्वागत करते हुए क्षेत्र के विकास से जुड़ी अपनी अपेक्षाएं उनके सामने रखीं। सांसद की ओर से समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा दिया गया।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें