देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बी.वी.आर.सी. पुरुषोत्तम ने सोमवार को सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की प्रगति की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग ने उत्तराखंड में मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन की तिथि 3 अक्टूबर 2026 निर्धारित की है। इससे पहले जारी कार्यक्रम के अनुसार अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 15 सितंबर 2026 को होना था।
24.30 लाख नोटिसों में 99 प्रतिशत से अधिक की सुनवाई पूरी
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि प्रदेश में अनमैप्ड एवं विसंगति वाले कुल 24 लाख 30 हजार मामलों के सापेक्ष 99 प्रतिशत से अधिक नोटिसों की सुनवाई पूरी की जा चुकी है। इसके साथ ही फार्म 6, 7 और 8 से संबंधित करीब 40 प्रतिशत सुनवाई का कार्य भी पूरा हो चुका है।
28 सितंबर तक दावे-आपत्तियों की होगी सुनवाई
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार दावे एवं आपत्तियों की सुनवाई 28 सितंबर 2026 तक की जाएगी। इसके बाद 3 अक्टूबर 2026 को मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन किया जाएगा।
उन्होंने विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत चल रही प्रक्रिया को निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आगे बढ़ाने की जानकारी दी।
अधिकारी रहे मौजूद
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास उपस्थित रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
