चमोली: 608 उप प्रधान पदों के लिए 15 जुलाई को होगा चुनाव, नामांकन प्रक्रिया शुरू

चमोली | जिला मजिस्ट्रेट एवं जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) गौरव कुमार ने राज्य निर्वाचन आयोग, उत्तराखण्ड की अधिसूचना के क्रम में जनपद की ग्राम पंचायतों में रिक्त उप प्रधान पदों के सामान्य निर्वाचन की समय-सारणी जारी कर दी है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार निर्वाचन की समस्त प्रक्रिया संबंधित ग्राम पंचायत मुख्यालयों पर संपन्न कराई जाएगी।

15 जुलाई को होगी पूरी चुनाव प्रक्रिया

निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 15 जुलाई 2026 को सुबह 10:00 बजे से 11:00 बजे तक नामांकन पत्र जमा किए जाएंगे। इसके बाद 11:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी।

दोपहर 12:00 बजे से 12:30 बजे तक नाम वापसी का समय निर्धारित किया गया है। वहीं 12:30 बजे से 1:00 बजे तक चुनाव चिन्हों का आवंटन किया जाएगा।

इसके बाद दोपहर 1:30 बजे से 3:30 बजे तक मतदान होगा और शाम 4:00 बजे से मतगणना शुरू कर परिणाम घोषित किए जाएंगे।

8 जुलाई से मिलेंगे नामांकन पत्र

जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि नामांकन पत्रों की बिक्री 8 जुलाई से 14 जुलाई 2026 तक प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक संबंधित क्षेत्र पंचायत मुख्यालयों पर की जाएगी।

वहीं निर्वाचन दिवस 15 जुलाई को भी सुबह 8:00 बजे से 9:30 बजे तक संबंधित ग्राम पंचायत में निर्धारित स्थान पर नामांकन पत्र उपलब्ध रहेंगे।

608 उप प्रधान पदों पर होगा चुनाव

उप प्रधान पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 के तहत जनपद चमोली में 608 रिक्त उप प्रधान पदों के लिए चुनाव कराया जाएगा।

विकासखंडवार रिक्त पद

विकासखंड उप प्रधान पद
ज्योतिर्मठ 58
दशोली 67
नन्दानगर (घाट) 54
कर्णप्रयाग 94
पोखरी 73
गैरसैंण 95
नारायणबगड़ 75
थराली 46
देवाल 46

निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव कराने की तैयारी

जिला निर्वाचन अधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया उत्तर प्रदेश पंचायती राज (सदस्यों, प्रधानों और उप प्रधानों का निर्वाचन) नियमावली, 1994 (उत्तराखण्ड में यथावत प्रवृत्त) तथा राज्य निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार संपन्न कराई जाएगी।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्वाचन कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

रिपोर्ट: प्रदीप चौहान


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें