
देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की गुणवत्तापूर्ण तैयारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश के कुल 11 हजार विद्यार्थियों को निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। सरकार का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभावान विद्यार्थियों को देश के प्रतिष्ठित शिक्षकों, विषय-विशेषज्ञों और प्रोफेशनल कोचिंग संस्थानों की गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक सुविधाएं ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध कराना है।
इन परीक्षाओं की होगी तैयारी
योजना के तहत अलग-अलग प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं के लिए विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा। निर्धारित लक्ष्य के अनुसार—
- UPSC एवं State PCS की तैयारी के लिए 2,000 विद्यार्थी।
- SSC, Railway, Banking Services एवं समकक्ष परीक्षाओं के लिए 5,000 विद्यार्थी।
- Defence Services की प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए 2,000 विद्यार्थी।
- NET, GATE, CSIR एवं JRF जैसी परीक्षाओं के लिए 1,000 विद्यार्थी।
- CAT/MAT जैसी प्रबंधन प्रवेश परीक्षाओं के लिए 1,000 विद्यार्थी।
इस प्रकार कुल 11,000 विद्यार्थियों को प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
खुली ऑनलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा से होगा चयन
योजना का लाभ लेने के इच्छुक छात्र-छात्राओं का चयन खुली ऑनलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। विद्यार्थी निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर स्क्रीनिंग परीक्षा में शामिल हो सकेंगे।
स्क्रीनिंग परीक्षा में प्रदर्शन, निर्धारित पात्रता मानकों और विद्यार्थियों की योग्यता के आधार पर चयन किया जाएगा। योजना में टॉपर एवं मेधावी विद्यार्थियों को प्राथमिकता दी जाएगी। इसका उद्देश्य गंभीरता से प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को उनकी प्रतिभा और क्षमता के आधार पर आगे बढ़ने का अवसर देना है।
सिर्फ लाइव क्लास नहीं, पूरा डिजिटल लर्निंग सपोर्ट
योजना के तहत विद्यार्थियों को केवल लाइव ऑनलाइन कक्षाओं तक सीमित नहीं रखा जाएगा। उन्हें रिकॉर्डेड लेक्चर, डिजिटल स्टडी मटेरियल, विषयवार प्रश्न बैंक, नियमित ऑनलाइन टेस्ट, मॉक टेस्ट और परीक्षा पैटर्न आधारित अभ्यास की सुविधा भी मिलेगी।
विद्यार्थी अपनी सुविधा के अनुसार रिकॉर्डेड कक्षाओं और डिजिटल अध्ययन सामग्री का दोबारा अध्ययन कर सकेंगे। नियमित टेस्ट और मॉक टेस्ट के माध्यम से उनकी तैयारी का मूल्यांकन किया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को अपनी कमजोरियों और अधिक अभ्यास की जरूरत वाले विषयों की पहचान करने में मदद मिलेगी।
प्रतिष्ठित संस्थानों के विशेषज्ञ शिक्षक देंगे प्रशिक्षण
गुणवत्तापूर्ण प्रशिक्षण के लिए विभाग द्वारा Study IQ, Delhi, Mahendra Private Limited, Lucknow और Doon Dreamers, Dehradun जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का चयन किया गया है।
इन संस्थानों के विशेषज्ञ शिक्षकों एवं विषय-विशेषज्ञों के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी एवं प्रवेश परीक्षाओं की व्यवस्थित तैयारी कराई जाएगी। इसके अलावा सरकार की ओर से देश के प्रसिद्ध, अनुभवी और प्रोफेशनल ट्यूटरों तथा विषय-विशेषज्ञों को भी अभियान से जोड़ा जाएगा।
ऐसे मिलेगा विद्यार्थियों को योजना का लाभ
योजना के तहत लाभ लेने की प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी रखा गया है। इच्छुक विद्यार्थियों को—
- निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल पर पंजीकरण करना होगा।
- आवश्यक विवरण और दस्तावेज अपलोड कर आवेदन करना होगा।
- ऑनलाइन स्क्रीनिंग परीक्षा में शामिल होना होगा।
- परीक्षा में प्रदर्शन और निर्धारित पात्रता के आधार पर चयन किया जाएगा।
- चयनित विद्यार्थियों को ऑनलाइन कक्षाओं, रिकॉर्डेड लेक्चर और डिजिटल अध्ययन सामग्री की निःशुल्क सुविधा मिलेगी।
- नियमित टेस्ट एवं मॉक टेस्ट के माध्यम से तैयारी का मूल्यांकन किया जाएगा।
- विद्यार्थियों को उनकी तैयारी और प्रदर्शन के अनुरूप आवश्यक शैक्षणिक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा।
आर्थिक बाधाएं नहीं बनेंगी सफलता की राह में रोड़ा
सरकार का कहना है कि किसी भी प्रतिभावान विद्यार्थी की सफलता के रास्ते में आर्थिक संसाधनों की कमी बाधा नहीं बननी चाहिए। प्रदेश में कई विद्यार्थी प्रतिभाशाली होने के बावजूद महंगी कोचिंग का खर्च वहन नहीं कर पाते। ऐसे विद्यार्थियों के लिए यह योजना गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगी।
डिजिटल माध्यम से विद्यार्थियों को अपने घर से ही देश के श्रेष्ठ शिक्षकों एवं विषय-विशेषज्ञों से सीखने का अवसर मिलेगा। इससे पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को बड़े शहरों में जाकर महंगी कोचिंग लेने की आवश्यकता भी कम होगी।
Technology, Quality और Accessibility को एक साथ जोड़ने का प्रयास
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि वर्तमान समय में डिजिटल तकनीक शिक्षा की पहुंच, गुणवत्ता और अवसरों को व्यापक बनाने का प्रभावी माध्यम बन चुकी है। इसी को ध्यान में रखते हुए सरकार Technology, Quality और Accessibility को एक साथ जोड़कर प्रदेश के विद्यार्थियों को उनके लक्ष्य तक पहुंचने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड के युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बेहतर संसाधन, गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन और समान अवसर मिलें। आर्थिक परिस्थितियां किसी विद्यार्थी की प्रतिभा और उसके सपनों के बीच बाधा न बनें, इसी उद्देश्य से निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग की पहल शुरू की गई है।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
