देहरादून: BSPS के संस्थापक शाहनवाज़ हसन ने पत्रकारों की समस्याओं पर की चर्चा

देहरादून।
भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (BSPS) के संस्थापक एवं राष्ट्रीय नेता शाहनवाज़ हसन परिवार सहित उत्तराखंड दौरे पर पहुंचे। इस अवसर पर उनका स्वागत संगठन के प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री एवं राष्ट्रीय संगठन सचिव गिरिधर शर्मा ने संयुक्त रूप से किया।

पत्रकारों की समस्याओं और सुविधाओं पर हुई चर्चा

बैठक के दौरान पत्रकारों से जुड़े विभिन्न लंबित मुद्दों एवं सरकार द्वारा पत्रकारों को प्रदान की जा रही सुविधाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। शाहनवाज़ हसन ने प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री को निर्देशित किया कि तहसील एवं विकासखंड स्तर पर कार्यरत मीडिया कर्मियों और पत्रकारों को संगठन से जोड़ने तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।

पत्रकार पेंशन योजना पर उठाया मुद्दा

शाहनवाज़ हसन ने उत्तराखंड के वरिष्ठ एवं वृद्ध पत्रकारों को मिलने वाली सरकारी सुविधाओं की जानकारी लेते हुए पत्रकार पेंशन योजना का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश और राजस्थान जैसे राज्यों में पत्रकारों को अधिक सुविधाएं और बेहतर पेंशन योजनाएं उपलब्ध हैं।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड में सीमित संख्या में पत्रकारों को ही पेंशन योजना का लाभ मिल पा रहा है, जबकि अन्य राज्यों में यह सुविधा अधिक व्यापक रूप से लागू है। इस विषय पर सरकार को गंभीरता से विचार करना चाहिए।

सरकार पत्रकारों के प्रति गंभीर नहीं दिखती : गिरिधर शर्मा

राष्ट्रीय संगठन सचिव गिरिधर शर्मा ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि सरकार पत्रकारों की समस्याओं के प्रति अपेक्षित गंभीरता नहीं दिखा रही है। उन्होंने पत्रकार हितों से जुड़े मामलों में सकारात्मक पहल की आवश्यकता पर जोर दिया।

पत्रकार हितों के लिए बनेगी ठोस रणनीति

प्रदेश अध्यक्ष चंद्रवीर गायत्री ने कहा कि संगठन पत्रकारों के हितों की रक्षा और उनके कल्याण के लिए ठोस रणनीति तैयार करेगा। उन्होंने कहा कि पत्रकारों की समस्याओं के समाधान के लिए सूचना विभाग एवं मुख्यमंत्री से मुलाकात कर आवश्यक पहल की जाएगी।

उन्होंने विश्वास जताया कि संगठन पत्रकारों के अधिकारों और सुविधाओं को लेकर निरंतर प्रयास करता रहेगा।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें