- 6 निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां लेंगी भाग
- युवाओं से समय रहते पंजीकरण कराने की अपील
देहरादून: कौशल विकास एवं सेवायोजन विभाग के अंतर्गत क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय, देहरादून द्वारा आगामी 29 जून 2026 को एक दिवसीय रोजगार मेले का आयोजन किया जाएगा। रोजगार मेला प्रातः 10:00 बजे से सायं 5:00 बजे तक आयोजित होगा, जिसमें विभिन्न निजी क्षेत्र की प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर योग्य अभ्यर्थियों का चयन करेंगी।
85 रिक्त पदों पर होगी भर्ती
क्षेत्रीय सेवायोजन अधिकारी ममता चौहान नेगी ने बताया कि रोजगार मेले में 6 निजी क्षेत्र की कंपनियां प्रतिभाग करेंगी तथा कुल 85 रिक्त पदों पर भर्ती की जाएगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश के युवाओं को रोजगार के अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रोजगार मेलों का नियमित आयोजन किया जा रहा है।
अन्य जनपदों के युवा भी कर सकेंगे प्रतिभाग
उन्होंने बताया कि रोजगार मेले में देहरादून सहित प्रदेश के अन्य जनपदों के बेरोजगार युवा भी भाग ले सकते हैं। अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए क्षेत्रीय सेवायोजन कार्यालय परिसर में पूर्व पंजीकरण (प्री-रजिस्ट्रेशन) की व्यवस्था की गई है। साथ ही रोजगार मेले के दिन भी पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
ये दस्तावेज साथ लाना होगा अनिवार्य
रोजगार मेले में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को अपना बायोडाटा, मूल शैक्षणिक एवं अन्य प्रमाण-पत्र, उनकी छायाप्रतियां, सेवायोजन कार्यालय का पंजीयन कार्ड तथा वैध पहचान पत्र साथ लाना अनिवार्य होगा।
ये कंपनियां लेंगी भाग
29 जून को आयोजित रोजगार मेले में निम्नलिखित कंपनियां प्रतिभाग करेंगी—
- थेटा फार्मा
- विंडलास बायो मेडिसिन
- आईपीसीए लेबोरेट्रीज
- अम्भर
- मेंटोरे वॉटर एक्सप्रेस प्राइवेट लिमिटेड
- लाइटेनियम टेक्नोलॉजी प्राइवेट लिमिटेड
युवाओं से अधिकाधिक संख्या में पहुंचने की अपील
सेवायोजन विभाग ने प्रदेश के युवाओं से रोजगार मेले का अधिक से अधिक लाभ उठाने तथा निर्धारित तिथि एवं समय पर उपस्थित होकर रोजगार के अवसरों का लाभ लेने की अपील की है।
रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
