चमोली | विश्व की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट फतह करने वाले एनएसजी कमांडो राहुल नेगी के पोखरी पहुंचने पर क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। सेरा मालकोटी निवासी राहुल नेगी का व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने फूल-मालाओं, ढोल-नगाड़ों और जयघोष के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान डामर से विनायकधार तक भव्य स्वागत जुलूस भी निकाला गया।
23 मई को किया था एवरेस्ट फतह
राहुल नेगी भारतीय सेना की 9 गढ़वाल राइफल्स में अपनी सेवाएं दे चुके हैं और वर्तमान में नेशनल सिक्योरिटी गार्ड (NSG) में कमांडो के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने 23 मई को सफलतापूर्वक माउंट एवरेस्ट पर तिरंगा फहराकर चमोली और उत्तराखंड का गौरव बढ़ाया।
युवाओं के लिए प्रेरणा हैं राहुल नेगी
स्वागत समारोह में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेंद्र सिंह भंडारी ने कहा कि राहुल नेगी की उपलब्धि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने युवाओं से कठिन परिश्रम, अनुशासन और दृढ़ संकल्प के साथ अपने लक्ष्य हासिल करने की प्रेरणा लेने का आह्वान किया।
थाला बैंड वार्ड से जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह राणा ने कहा कि राहुल नेगी की सफलता क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक है और उनकी उपलब्धि पर पूरे क्षेत्र को गर्व है।
“दृढ़ इच्छाशक्ति से कोई लक्ष्य असंभव नहीं”
अपने सम्मान समारोह में राहुल नेगी ने कहा कि दृढ़ इच्छाशक्ति, आत्मविश्वास और लगातार मेहनत के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने युवाओं से बड़े सपने देखने और उन्हें पूरा करने के लिए निरंतर प्रयास करने का संदेश दिया।
परिवार का भी हुआ सम्मान
इस अवसर पर राहुल नेगी के माता-पिता मनोरमा देवी एवं कुंवर सिंह नेगी तथा पत्नी प्रियंका नेगी का भी सम्मान किया गया। बेटे की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर पूरा परिवार भावुक नजर आया।
ये रहे उपस्थित
कार्यक्रम में ग्राम प्रधान राजे सिंह भंडारी, भाजपा नगर अध्यक्ष अमर सिंह रावत, भाजपा महिला मोर्चा जिला उपाध्यक्ष सुनीता चमोली, जिला महामंत्री रजना रावत, फतेराम सती, डॉ. मातबर रावत, शरद बुटोला, विशम्बर मदवाल, प्रदीप चौहान, विनोद सिंह पंवार, रमेश चौधरी, कैप्टन रमेश बर्तवाल, संतोष चौधरी सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
