चमोली: जिलाधिकारी गौरव कुमार की जनता मिलन में 40 शिकायतें दर्ज, अधिकांश का मौके पर समाधान

चमोली।
जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को जिला सभागार, गोपेश्वर में आयोजित जनता मिलन कार्यक्रम में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों से आए नागरिकों ने अपनी समस्याएं एवं शिकायतें प्रस्तुत कीं। कार्यक्रम के दौरान कुल 40 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के त्वरित निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

सिरण गांव के संपर्क मार्ग निर्माण के निर्देश

जनता मिलन कार्यक्रम में सिरण गांव की निवासी लीला देवी ने गांव के क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग की समस्या उठाई। इस पर जिलाधिकारी ने जिला पंचायत राज अधिकारी को मनरेगा के माध्यम से मार्ग निर्माण कराने तथा अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई को आवश्यकतानुसार नहर निर्माण की कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

छुपलागाड़ में मलबा हटाने के निर्देश

नंदानगर क्षेत्र के ग्रामीणों ने छुपलागाड़ में जमा मलबे को हटाने की मांग रखी। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी चमोली को एक सप्ताह के भीतर रिवर ड्रेजिंग कार्य शुरू कराने के निर्देश दिए।

विस्थापन संबंधी समस्याओं पर कार्रवाई के निर्देश

नंदानगर निवासी अवतार सिंह एवं राजेंद्र सिंह ने विस्थापन से संबंधित समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। इस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी एवं तहसीलदार चमोली को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों की समीक्षा

बैठक के दौरान आगामी नंदा देवी राजजात यात्रा से संबंधित व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने यात्रा मार्ग पर मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के आधार पर विकसित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने जिला विकास अधिकारी एवं स्वजल विभाग को राजजात यात्रा मार्ग पर पर्याप्त संख्या में शौचालयों की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।

अन्य शिकायतों पर भी दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

कार्यक्रम में रणजीत सिंह, गुमान सिंह, संदीप सहित अन्य फरियादियों द्वारा प्रस्तुत शिकायतों पर भी जिलाधिकारी ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को प्रभावी एवं समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

जनसमस्याओं का समाधान प्रशासन की प्राथमिकता

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि जनसमस्याओं का समयबद्ध समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी राजकुमार पांडे, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता, जिला विकास अधिकारी के.के. पंत, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी नंद किशोर जोशी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें