बद्रीनाथ और पांडुकेश्वर पुलिस की त्वरित एवं विनम्र कार्यवाही की हुई सराहना

चमोली।
रविवार सुबह बद्रीनाथ यात्रा पर जा रहे आंध्र प्रदेश के यात्रियों के एक समूह का नगदी और महत्वपूर्ण दस्तावेजों से भरा बैग गुम हो गया, जिसे पांडुकेश्वर पुलिस ने त्वरित कार्यवाही करते हुए कुछ ही मिनटों में बरामद कर सुरक्षित लौटाया।

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 7 बजे आंध्र प्रदेश से आए यात्रियों का एक दल बद्रीनाथ जाते समय पांडुकेश्वर पुलिस स्टेशन के समीप स्थित कैफे ब्रो में कॉफी पीने के लिए रुका था। वहां से रवाना होते समय वे अनजाने में अपना कैश बैग वहीं भूल गए। बैग में लगभग 26 हजार रुपये की नकदी तथा महत्वपूर्ण पहचान पत्र मौजूद थे।

बद्रीनाथ पहुंचने पर हुआ बैग गुम होने का पता

बद्रीनाथ पहुंचने के बाद यात्रियों को बैग के गुम होने का पता चला। इसके बाद के. शेषगिरि राव एवं उनके रिश्तेदार वीरभद्र राव, जो भारती श्रमजीवी पत्रकार संघ (BSPS) आंध्र प्रदेश के अध्यक्ष तथा ‘विशाखा समाचारम’ तेलुगु दैनिक के संपादक हैं, ने तत्काल बद्रीनाथ पुलिस से संपर्क कर घटना की जानकारी दी।

पुलिस ने दिखाई तत्परता

बद्रीनाथ थाना प्रभारी ने शिकायत की पूरी जानकारी लेकर तत्काल पांडुकेश्वर पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पांडुकेश्वर पुलिस टीम कैफे ब्रो पहुंची और वहां से कैश बैग सुरक्षित बरामद कर लिया।

पुलिस ने बैग मिलने के बाद उसका वीडियो बनाकर बद्रीनाथ पुलिस को भेजा तथा शिकायतकर्ता को बैग सुरक्षित मिलने की जानकारी दी।

सुरक्षित मिला बैग, जताया आभार

शाम को शिकायतकर्ता पांडुकेश्वर थाना पहुंचे और अपना बैग प्राप्त किया। बैग में रखी नकदी एवं अन्य दस्तावेजों की जांच करने पर सभी सामान सुरक्षित मिला।

इसके बाद यात्रियों ने बद्रीनाथ एवं पांडुकेश्वर पुलिस की त्वरित, संवेदनशील और विनम्र कार्यवाही की सराहना करते हुए उनका आभार व्यक्त किया।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें