डोईवाला/देहरादून। ऑपरेशन प्रहार के तहत देहरादून पुलिस को एक और सफलता मिली है। डोईवाला पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की संयुक्त टीम ने खुद को RPF का सहायक सुरक्षा आयुक्त बताने वाले एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी फर्जी अधिकारी बनकर लोगों पर रौब जमाने और ठगी करने की फिराक में था। उसके कब्जे से नीली बत्ती लगी अर्टिगा कार, RPF की पी-कैप और बैज बरामद किए गए हैं।
लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास चेकिंग में पकड़ा गया आरोपी
पुलिस के मुताबिक, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर ऑपरेशन प्रहार के तहत आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त संदिग्ध व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 5 नवंबर 2026 को डोईवाला पुलिस और RPF देहरादून की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि एक व्यक्ति खुद को RPF का वरिष्ठ अधिकारी बता रहा है और उसकी गतिविधियां संदिग्ध हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने लच्छीवाला फ्लाईओवर के पास रेलवे लाइन के समीप चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नीली बत्ती लगी अर्टिगा कार को रोका गया। कार के डैशबोर्ड पर RPF की पी-कैप रखी हुई थी। वाहन में मौजूद व्यक्ति खुद को RPF के मुरादाबाद मंडल का सहायक सुरक्षा आयुक्त (AC) बताकर वाहन चालकों और राहगीरों पर रौब झाड़ रहा था।
पूछताछ में फर्जी अधिकारी होने की बात कबूली
पुलिस ने संदिग्ध व्यक्ति से पूछताछ की तो उसने अपना नाम स्मित कुमार पुत्र राजीव शर्मा, निवासी ग्राम एवं पोस्ट ऑफिस शिवाला कला, थाना शिवाला कला, जिला बिजनौर (उत्तर प्रदेश) बताया।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ के दौरान आरोपी अपने अधिकारी होने के संबंध में कोई पहचान पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद मंडल मुख्यालय RPF से जानकारी की गई, जहां इस नाम का कोई अधिकारी तैनात होना नहीं पाया गया।
पुलिस का कहना है कि कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि वह RPF में नियुक्त अधिकारी नहीं है। उसने कर्ज में डूबे होने के कारण लोगों पर रौब जमाकर आसानी से पैसा कमाने के लिए फर्जी अधिकारी बनकर घूमने की बात कबूल की।
कार सीज, BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज
पुलिस और RPF की संयुक्त टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर नीली बत्ती लगी मारुति सुजुकी अर्टिगा कार (UK 07 HQ 2387) को सीज कर दिया। कोतवाली डोईवाला में आरोपी के खिलाफ मुकदमा संख्या 343/2026 के तहत BNS की धारा 204 और 205 में अभियोग पंजीकृत किया गया है।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। उसके आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
बरामदगी
- मारुति सुजुकी अर्टिगा कार (UK 07 HQ 2387)
- नीली बत्ती
- RPF सहायक सुरक्षा आयुक्त की पी-कैप
- RPF का बैज
पुलिस टीम
डोईवाला पुलिस:
- वरिष्ठ उपनिरीक्षक सचिन पुंडीर
- अपर उपनिरीक्षक ईश्वर सैनी
- हेड कांस्टेबल संजय कुमार
- कांस्टेबल अश्वनी कुमार
RPF टीम:
- निरीक्षक पंकज कुमार
- उपनिरीक्षक रामभरोसे
- हेड कांस्टेबल अशोक नौटियाल
- कांस्टेबल सम्राट चौहान
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
