भीमताल। विधानसभा क्षेत्र भीमताल के धारी ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कुलौरी स्थित प्रसिद्ध मौनी बाबा आश्रम के समीप लगभग 44 लाख रुपये की लागत से प्रस्तावित धर्मशाला निर्माण कार्य का प्रदेश के कैबिनेट मंत्री राम सिंह कैड़ा ने विधिवत भूमि पूजन एवं शिलान्यास किया।
मौनी बाबा आश्रम क्षेत्र के दर्जनों गांवों के लोगों की गहरी धार्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन करने और धार्मिक आयोजनों में शामिल होने पहुंचते हैं। लंबे समय से ग्रामीण आश्रम के समीप श्रद्धालुओं एवं आगंतुकों की सुविधा के लिए धर्मशाला निर्माण की मांग कर रहे थे। ग्रामीणों की मांग को गंभीरता से लेते हुए मंत्री राम सिंह कैड़ा ने निर्माण कार्य की पहल की और भूमि पूजन कर इसे साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया।
धार्मिक स्थलों का विकास सरकार की प्राथमिकता
इस अवसर पर मंत्री राम सिंह कैड़ा ने कहा कि क्षेत्र के धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का संरक्षण और विकास करने के साथ-साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना सरकार की प्राथमिकता है। धार्मिक स्थलों पर आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना आवश्यक है। धर्मशाला का निर्माण पूरा होने के बाद यहां आने वाले श्रद्धालुओं और क्षेत्रवासियों को काफी सुविधा मिलेगी।
उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनभावनाओं और स्थानीय लोगों की आवश्यकताओं के अनुरूप विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है।
ग्रामीणों ने जताया आभार
धर्मशाला निर्माण कार्य के भूमि पूजन एवं शिलान्यास पर क्षेत्रवासियों ने मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण सौगात बताया।
इस दौरान मौनी महाराज जी, ब्लॉक प्रमुख भावना आर्य, पूर्व ब्लॉक प्रमुख ओखलकांडा कमलेश कैड़ा, प्रकाश चंद्र नानू, प्रधान हरीश गंगोला, प्रधान पुष्कर सिंह बोहरा, नंदाबल्लभ आर्य, प्रधान लक्ष्मी दत्त बेलवाल, महिपाल सिंह, शेखर थूवाल, शेर सिंह, चंदू पनेरु, दीवान राम सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
