पितृ पक्ष में बद्रीनाथ धाम में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़, अब तक 1.50 लाख पहुंचे

बद्रीनाथ। पितृ पक्ष के साथ ही बद्रीनाथ धाम में आस्था का रंग और गहरा हो गया है। देश के अलग-अलग हिस्सों से श्रद्धालु पितरों की आत्मशांति और मोक्ष की कामना लेकर ब्रह्मकपाल पहुंच रहे हैं। यहां श्रद्धालु विधि-विधान से पिंडदान, तर्पण और अन्य धार्मिक अनुष्ठान कर अपने पूर्वजों के प्रति श्रद्धा अर्पित कर रहे हैं।

पितृ पक्ष के दौरान अब तक करीब 1.50 लाख श्रद्धालु बद्रीनाथ धाम पहुंच चुके हैं। वहीं, इस वर्ष धाम के दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या 19 लाख के पार पहुंच गई है। पितृ पक्ष के चलते ब्रह्मकपाल में श्रद्धालुओं की आवाजाही बढ़ने से बद्रीनाथ धाम में भी चहल-पहल बनी हुई है।

बढ़ती भीड़ के बीच पुलिस ने बढ़ाई निगरानी

श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए चमोली पुलिस ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर निगरानी बढ़ा दी है। यात्रा मार्ग से लेकर पार्किंग स्थलों, बद्रीनाथ धाम और प्रमुख भीड़भाड़ वाले स्थानों पर पुलिसकर्मी व्यवस्थाओं पर नजर बनाए हुए हैं।

पुलिस अधीक्षक चमोली सुरजीत सिंह पंवार स्वयं बद्रीनाथ धाम पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। पुलिस के अनुसार, एसपी अब तक तीन बार धाम पहुंचकर सुरक्षा, यातायात, भीड़ प्रबंधन और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी व्यवस्थाओं का स्थलीय निरीक्षण कर चुके हैं।

वहीं, पुलिस उपाधीक्षक चमोली मदन सिंह बिष्ट भी लगातार मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।

पिंडदान के साथ सुगम दर्शन पर जोर

पितृ पक्ष के दौरान ब्रह्मकपाल में बढ़ रही भीड़ को देखते हुए पुलिस का फोकस श्रद्धालुओं की आवाजाही को व्यवस्थित रखने के साथ यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने पर है। पुलिस का कहना है कि धाम और यात्रा मार्ग पर तैनात जवान पूरी तत्परता से अपनी जिम्मेदारी निभा रहे हैं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम वातावरण मिल सके।

ब्रह्मकपाल में धार्मिक अनुष्ठानों का क्रम लगातार जारी है। श्रद्धालु पिंडदान और तर्पण के माध्यम से अपने पितरों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं। इससे बद्रीनाथ धाम में इन दिनों धार्मिक आस्था और आध्यात्मिक वातावरण एक साथ दिखाई दे रहा है।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें