देहरादून। उत्तराखंड क्रांति दल (उक्रांद) के संस्थापक सदस्य और पूर्व विधायक काशी सिंह ऐरी ने पुलिस कर्मियों के 4600 ग्रेड पे का मुद्दा उठाते हुए राज्य सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री द्वारा करीब पांच वर्ष पहले की गई घोषणा के बावजूद अब तक उस पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई है।
ऐरी ने कहा कि सरकार को पुलिस कर्मियों के ग्रेड पे से जुड़े मामले का समाधान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि उक्रांद पुलिस कर्मियों के साथ खड़ा है और उन्हें उम्मीद है कि सरकार इस मामले में जल्द निर्णय लेगी।
2021 की घोषणा का हवाला देकर सरकार से सवाल
काशी सिंह ऐरी ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 21 अक्टूबर 2021 को पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर 20 वर्ष की सेवा पूरी कर चुके 2001 बैच के पुलिस कर्मियों का ग्रेड पे 4600 रुपये करने की घोषणा की थी।
उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि घोषणा को पांच वर्ष से अधिक समय बीतने के बावजूद इसका क्या हुआ, यह सरकार को स्पष्ट करना चाहिए। ऐरी ने आरोप लगाया कि सरकार की कई घोषणाएं अब तक धरातल पर नहीं उतर पाई हैं।
‘जनता अब घोषणाएं नहीं, परिणाम चाहती है’
ऐरी ने कहा कि विधानसभा चुनाव नजदीक आने के साथ सरकार की ओर से नई घोषणाएं और वादे किए जा रहे हैं। उन्होंने सरकार और मंत्रियों से पहले की गई घोषणाओं और वादों को पूरा करने की मांग की।
उन्होंने कहा कि जनता अब केवल घोषणाएं नहीं, बल्कि घोषणाओं का धरातल पर परिणाम चाहती है।
बड़े आंदोलन की चेतावनी
पूर्व विधायक ने कहा कि उक्रांद पुलिस कर्मियों के 4600 ग्रेड पे के मुद्दे पर उनके साथ है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार इस मामले में जल्द अमल नहीं करती है तो पार्टी की ओर से बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
ऐरी ने कहा कि सरकार के कार्यकाल के अब सीमित समय को देखते हुए उसे लंबित घोषणाओं और वादों को पूरा करने की दिशा में ठोस कदम उठाने चाहिए।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
