कर्णप्रयाग । गौचर का क्रीड़ा मैदान गुरुवार को डॉ. शिवानंद नौटियाल राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कर्णप्रयाग के युवा खिलाड़ियों के जोश और उत्साह का गवाह बना। महाविद्यालय की सत्र 2026-27 की दो दिवसीय 47वीं वार्षिक क्रीड़ा प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन छात्र-छात्राओं ने विभिन्न एथलेटिक्स स्पर्धाओं के साथ कबड्डी, खो-खो और रिले दौड़ में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. डॉ. राम अवतार सिंह ने क्रीड़ा प्रभारी डॉ. त्रिभुवन चंद्र और प्राध्यापकों की मौजूदगी में दीप प्रज्ज्वलित कर किया। प्राचार्य ने क्रीड़ा ध्वज फहराया और प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को खेल शपथ दिलाई। इस दौरान एनसीसी कैडेट्स ने मार्चपास्ट कर प्राचार्य को सलामी दी।
खेल अनुशासन और टीम भावना का सशक्त माध्यम : प्राचार्य
प्राचार्य ने कहा कि खेल विद्यार्थियों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का सशक्त माध्यम हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से परिणाम की चिंता किए बिना पूरे उत्साह और खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करने का आह्वान किया।
क्रीड़ा प्रभारी डॉ. त्रिभुवन चंद्र ने प्रतियोगिताओं की रूपरेखा और नियमों की जानकारी दी।
ट्रैक स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने दिखाया दम
100 मीटर छात्र वर्ग में शुभम सिंह प्रथम, अंकुश द्वितीय और विवेक रौथाण तृतीय रहे। छात्रा वर्ग में श्रृष्टि, सोनाली और लक्ष्मी ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
200 मीटर छात्र वर्ग में शुभम सिंह, अंकुश और विवेक रौथाण तथा छात्रा वर्ग में सुहानी, गंगा और लक्ष्मी ने शीर्ष तीन स्थान प्राप्त किए।
400 मीटर में छात्र वर्ग से कुनाल सिंह, सौरभ सिंह और आयुष तथा छात्रा वर्ग से श्रृष्टि, सोनाली रावत और लक्ष्मी क्रमशः पहले तीन स्थानों पर रहे।
800 मीटर छात्र वर्ग में कुनाल, सौरभ और आयुष तथा छात्रा वर्ग में श्रृष्टि, स्नेहा और साक्षी ने प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किया।
1500 मीटर में छात्र वर्ग से विनय सिंह, अमन कुमार और शुभम सिंह तथा छात्रा वर्ग से साक्षी नेगी, सारिका और नेहा शीर्ष तीन स्थानों पर रहीं।
3000 मीटर छात्रा वर्ग में स्नेहा और पूजा प्रथम व द्वितीय रहीं, जबकि साक्षी नेगी और सारिका संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहीं।
5000 मीटर छात्र वर्ग में कुलदीप, कपिल सिंह और पियूष रावत ने क्रमशः पहला, दूसरा और तीसरा स्थान हासिल किया।
फील्ड स्पर्धाओं में भी खिलाड़ियों का प्रदर्शन
गोला फेंक छात्रा वर्ग में हेमलता, निहारिका और सिमरन तथा छात्र वर्ग में अंकित, राहुल धुनियाल और रोहित कुमार ने शीर्ष तीन स्थान प्राप्त किए।
चक्का फेंक में विवेक रौथाण, राहुल कुमार धुनियाल और सोनू क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय रहे।
भाला फेंक छात्रा वर्ग में सिमरन, लक्ष्मी और प्रियाशी तथा छात्र वर्ग में अंकित कुमार, नरेंद्र कुमार और वैभव नेगी ने बाजी मारी।
ऊंची कूद छात्र वर्ग में कुनाल सिंह, दिव्यांशु रावत और सक्षम पहले तीन स्थानों पर रहे।
लंबी कूद छात्र वर्ग में कुनाल सिंह, सोनू और विवेक रौथाण तथा छात्रा वर्ग में सोनाली रावत, लक्ष्मी और सुहानी ने क्रमशः प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान हासिल किया।
रिले, कबड्डी और खो-खो में भी दिखा उत्साह
पहले दिन गौचर क्रीड़ा मैदान में 4×100 मीटर रिले, कबड्डी और खो-खो की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं। प्रतियोगिता का दूसरा दिन महाविद्यालय परिसर में आयोजित किया जाएगा।
प्रतियोगिताओं के सफल संचालन में क्रीड़ा समिति के डॉ. विनोद चंद्र, डॉ. नरेंद्र पंघाल, डॉ. मृगांक मालसी, जगदीश रावत और डॉ. ममता जोशी समेत महाविद्यालय के प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों ने सहयोग दिया। पूर्व छात्र महावीर रावत ने भी आयोजन में सहयोग किया।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
