सुमेरपुर: प्राथमिक विद्यालय में मनाया गया पोषण दिवस—बच्चों और अभिभावकों को पोषण एवं कुपोषण के प्रति किया जागरूक

सुमेरपुर। गैरसैंण ब्लॉक के सुमेरपुर प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार को पोषण दिवस कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मूसों, नौगांव, पतलचौरा, सुमेरपुर, बोंसाड़ और सैंजी सहित विभिन्न क्षेत्रों की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं सहायिकाओं ने भाग लिया। विद्यालय की प्रधानाध्यापिका, शिक्षक-शिक्षिकाओं और क्षेत्र पंचायत अध्यक्ष की भी कार्यक्रम में सहभागिता रही।

पोषण और कुपोषण को लेकर किया जागरूक

कार्यक्रम के दौरान बच्चों और उपस्थित लोगों को पोषण एवं कुपोषण के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य के लिए संतुलित और पौष्टिक आहार लेने पर विशेष जोर दिया गया।

इस दौरान मोटे अनाज (मिलेट्स) के पोषण संबंधी महत्व की जानकारी देते हुए बच्चों को इन्हें अपने दैनिक भोजन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।

सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

कार्यक्रम में बाल विकास सेवाओं, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, नंदा गौरा योजना और लक्ष्मी किट से संबंधित जानकारी भी साझा की गई। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने योजनाओं के उद्देश्य तथा बच्चों और माताओं के स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े लाभों के बारे में उपस्थित लोगों को जानकारी दी।

स्थानीय और पौष्टिक खाद्य अपनाने की अपील

वक्ताओं ने बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बाजार में मिलने वाले अत्यधिक प्रसंस्कृत और कम पौष्टिक खाद्य पदार्थों से दूरी बनाने की सलाह दी। अभिभावकों से बच्चों को घर पर पौष्टिक एवं स्थानीय खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने तथा मोटे अनाज के सेवन के लिए प्रोत्साहित करने की अपील की गई।

सामूहिक प्रयास का दिया संदेश

  1. कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों, अभिभावकों और समुदाय में

    स्वस्थ खान-पान, पोषण और बाल स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना रहा। कार्यक्रम में मौजूद आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, विद्यालय के शिक्षकों और अन्य लोगों ने बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य एवं पोषण के लिए सामूहिक प्रयास करने का संदेश दिया।

रिपोर्ट: पूजा बरमोला

 


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें