चमोली: घाट में बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर का समापन, 150 मरीजों का परीक्षण, निःशुल्क दवाइयां वितरित

चमोली। सेवा सप्ताह के अंतर्गत स्वास्थ्य विभाग द्वारा आयोजित बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर के अंतिम दिन बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र घाट (नंदानगर) में 150 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा परामर्श एवं निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। शिविर में विभिन्न रोगों की जांच, स्क्रीनिंग, टीकाकरण तथा जनस्वास्थ्य सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई गईं।

शिविर के दौरान 49 लोगों की उच्च रक्तचाप (हाइपरटेंशन) तथा 49 लोगों की मधुमेह (डायबिटीज) की स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा 8 गर्भवती महिलाओं की प्रसव पूर्व जांच (एएनसी), 10 एक्स-रे तथा 91 विभिन्न लैब जांचें की गईं। वहीं 20 किशोरियों को मासिक धर्म एवं किशोरी स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी दिया गया।

महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए 38 महिलाओं की सर्वाइकल एवं स्तन कैंसर की स्क्रीनिंग की गई, जबकि 49 लोगों की मुख कैंसर जांच भी की गई। शिविर में 13 किशोरियों को एचपीवी वैक्सीन लगाई गई तथा 2 लोगों की टीबी स्क्रीनिंग की गई। इसके अलावा 30 लोगों के आयुष्मान भारत हेल्थ अकाउंट (आभा) आईडी बनाए गए और 2 पात्र लाभार्थियों के आयुष्मान कार्ड भी जारी किए गए।

16 जुलाई को जोशीमठ में लगेगा अगला स्वास्थ्य शिविर

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अभिषेक गुप्ता ने बताया कि सेवा सप्ताह के तहत 16 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ में भी बहु-विशेषज्ञ स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया जाएगा। उन्होंने ज्योतिर्मठ विकासखंड के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की।

विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं

शिविर में सर्जन डॉ. भानु प्रताप, अस्थि रोग विशेषज्ञ डॉ. अंबरीश कुमार सिंह, वरिष्ठ दृष्टिमितज्ञ शिव सिंह राणा, फिजीशियन एवं मेडिसिन विशेषज्ञ डॉ. सुदेश, स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ डॉ. अमृता तथा होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. हर्षवर्धन सिंह रावत ने मरीजों का परीक्षण कर आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श एवं उपचार प्रदान किया।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें