ऋषिकेश। नव मधुबन आश्रम में शनिवार को राधा रानी का जन्मोत्सव बड़े ही हर्षोल्लास और श्रद्धाभाव के साथ मनाया गया। उत्सव का शुभारंभ सुबह मंगल आरती से हुआ। इस अवसर पर श्रद्धालुओं को राधा रानी के दुर्लभ चरण दर्शन कराए गए, जो वर्ष में केवल एक बार होते हैं।
आश्रम में शाम 4 बजे से रात 9 बजे तक दर्शन की व्यवस्था रही। दिन में साधुओं के लिए भंडारे का आयोजन किया गया। साधुओं को दक्षिणा देने के साथ अंगवस्त्र भी भेंट किए गए।
राधा गोविंद जी का हुआ महाभिषेक
शाम को राधा गोविंद जी का महाभिषेक किया गया। इसके साथ ही प्रवचन, आरती और भंडारे का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया और राधा रानी के जन्मोत्सव में भाग लिया।
राधा जी की भक्ति से श्रीकृष्ण की प्राप्ति संभव: परमानंद दास जी महाराज
इस अवसर पर मधुबन आश्रम के अध्यक्ष परमानंद दास जी महाराज ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण को प्राप्त करने के लिए राधा जी की भक्ति करनी चाहिए। उनकी भक्ति से भगवान की प्राप्ति का मार्ग प्रशस्त होता है और मनुष्य अपने जीवन को सफल बना सकता है।
ये लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में नवीन अग्रवाल, सुदामा सिंघल, मानव जोहार, आशीष गुप्ता, हिमांशु गोयल, वैभव गोयल, डॉ. सुनील सहगल, हिमांशु गुलाटी, नितिन गुप्ता, जितेंद्र बर्थवाल, पवन जड, किरण जड, रासबिहारी दास, मुकुल शर्मा सहित कई श्रद्धालु उपस्थित रहे।
आश्रम के महाप्रबंधक हर्ष कौशल ने यह जानकारी दी।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
