नई दिल्ली। गढ़वाल लोकसभा सांसद, भाजपा के मुख्य प्रवक्ता एवं राष्ट्रीय मीडिया प्रमुख अनिल बलूनी ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने गढ़वाल सहित समस्त उत्तराखंड से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की।
उत्तराखंड के शहरों के लिए DTC बस सेवा शुरू करने का आग्रह
सांसद अनिल बलूनी ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि दिल्ली में निवास करने वाले उत्तराखंड के प्रवासियों की सुविधा और दिल्ली-उत्तराखंड के बीच बेहतर आवागमन के लिए रामनगर, ऋषिकेश और कोटद्वार तक आधुनिक लग्ज़री DTC बस सेवा शुरू करने की दिशा में आवश्यक पहल की जाए।
लोकभाषाओं और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर जोर
बलूनी ने दिल्ली में संचालित गढ़वाली, कुमाऊनी और जौनसारी अकादमियों को और अधिक सशक्त एवं प्रभावी बनाने का अनुरोध किया। उन्होंने उत्तराखंड की लोकभाषाओं, लोककला और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए आवश्यक सहयोग की मांग भी रखी।
गढ़वाल भवन के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण की मांग
सांसद ने दिल्ली स्थित गढ़वाल भवन के जीर्णोद्धार और आधुनिकीकरण की दिशा में भी आवश्यक कदम उठाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि इससे भवन को दिल्ली में रह रहे उत्तराखंडवासियों के लिए अधिक उपयोगी और सुविधाजनक केंद्र के रूप में विकसित किया जा सकेगा।
अनिल बलूनी ने कहा कि उत्तराखंड की समृद्ध लोकभाषा, संस्कृति और अपनी जड़ों से जुड़े प्रवासी उत्तराखंडवासियों के हितों से संबंधित इन विषयों पर मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता द्वारा दिखाई गई सकारात्मकता एवं सहृदयता के लिए वे उनका हृदय से आभार व्यक्त करते हैं।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
