कर्णप्रयाग: सांसद अनिल बलूनी ने दिशा बैठक में केंद्रीय योजनाओं की समीक्षा की, अधिकारियों को दिए निर्देश

कर्णप्रयाग/चमोली।
सांसद अनिल बलूनी ने शुक्रवार को कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए केंद्र पोषित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं की प्रगति की जानकारी लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे

बैठक में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, मनरेगा, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण एवं शहरी), जल जीवन मिशन, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, कृषि, पूर्ति, खेल, श्रम एवं पशुपालन विभाग सहित कई योजनाओं की समीक्षा की गई।

सांसद अनिल बलूनी ने कहा कि केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक समयबद्ध तरीके से पहुंचना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों से संवेदनशीलता और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने को कहा।

सड़क निर्माण कार्यों में देरी पर जताई नाराजगी

सांसद ने पीएमजीएसवाई के अंतर्गत डुमक-कलगोठ मोटर मार्ग तथा निजमुला-गौणा-पाणा-ईरानी मोटर मार्ग निर्माण कार्यों में देरी पर नाराजगी जताते हुए समय सीमा के भीतर कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग एवं पीएमजीएसवाई को स्वीकृत सड़कों के निर्माण और अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने को भी कहा।

नेटवर्क समस्या दूर करने के निर्देश

जनपद में नेटवर्क समस्या को लेकर सांसद ने बीएसएनएल अधिकारियों को डार्क जोन का विस्तृत मानचित्र तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि दूरस्थ क्षेत्रों में नेटवर्क व्यवस्था सुधारी जा सके।

पेंशन और दिव्यांग बच्चों पर विशेष ध्यान

सांसद ने समाज कल्याण विभाग को लंबित पेंशन मामलों का शीघ्र निस्तारण करने और दिव्यांग पेंशन मामलों में सक्रियता बढ़ाने के निर्देश दिए।
मुख्य शिक्षाधिकारी को दिव्यांग बच्चों के लिए विशेष शिक्षण व्यवस्था विकसित करने को कहा गया। सांसद ने आवश्यकता पड़ने पर सांसद निधि से सहयोग देने की बात भी कही।

स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने पर जोर

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की समीक्षा के दौरान सांसद ने संस्थागत प्रसव, टीकाकरण और टीबी मुक्त अभियान को गति देने के निर्देश दिए।
उन्होंने जिलाधिकारी को मेडिकल कॉलेज स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित करने को कहा।

जैविक खेती और फसलों की सुरक्षा पर फोकस

कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए सांसद ने जनपद में जैविक खेती को बढ़ावा देने और जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा के लिए चेन लिंक फेंसिंग कराने के निर्देश दिए।

स्वच्छता और पेयजल व्यवस्था पर भी चर्चा

सांसद ने स्वच्छ भारत मिशन के तहत ठोस अपशिष्ट प्रबंधन, डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण, रिसाइक्लिंग और एसटीपी प्लांट संचालन को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।
जल जीवन मिशन की समीक्षा के दौरान उन्होंने क्षतिग्रस्त पाइपलाइनों को शीघ्र दुरुस्त करने और वर्षा ऋतु में भी स्वच्छ पेयजल आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने प्रस्तुत की योजनाओं की प्रगति रिपोर्ट

जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जानकारी दी कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में मनरेगा के तहत 12,64,719 मानव दिवस सृजित किए गए हैं।
नमामि गंगे योजना के तहत 16 सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट संचालित किए जा रहे हैं तथा 3.80 लाख पौधरोपण किया गया है।

उन्होंने बताया कि जिले में 9,347 किसान लगभग 5,000 हेक्टेयर क्षेत्र में जैविक खेती कर रहे हैं।
जल जीवन मिशन के तहत 76,716 परिवारों में से 76,686 को एफएचटीसी कनेक्शन दिए जा चुके हैं।

बैठक में रहे मौजूद

बैठक में बद्रीनाथ विधायक लखपत बुटोला, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. अभिषेक त्रिपाठी, पीडी आनंद सिंह, डीडीओ केके पंत सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

रिपोर्ट: पहाड़ी चीता ब्यूरो


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें