अल्मोड़ा। लंबे समय से खराब पड़ी बेस अस्पताल की सिटी स्कैन मशीन के कारण मरीजों और तीमारदारों को हो रही परेशानी को देखते हुए पूर्व दर्जा मंत्री एवं भाजपा नेता बिट्टू कर्नाटक ने मामले को गंभीरता से लिया। उन्होंने शुक्रवार को बेस अस्पताल का निरीक्षण कर अस्पताल प्रशासन एवं संबंधित अधिकारियों से वार्ता की और मशीन को जल्द से जल्द दुरुस्त कर मरीजों के लिए उपलब्ध कराने के लिए व्यक्तिगत स्तर पर भी प्रयास किए।
कर्नाटक के प्रयासों के बाद अस्पताल प्रशासन ने शनिवार शाम तक सिटी स्कैन मशीन को दुरुस्त कर दिया, जिसके बाद मरीजों के लिए इसकी सुविधा दोबारा शुरू कर दी गई। मशीन के संचालन में आने से मरीजों को सिटी स्कैन जांच के लिए अन्य स्थानों पर जाने की परेशानी से राहत मिली है।
मशीन के संचालन का लिया जायजा
मशीन दोबारा शुरू होने के बाद मरीजों को मिल रही सुविधा का जायजा लेने के लिए बिट्टू कर्नाटक स्वयं बेस अस्पताल पहुंचे। उन्होंने सिटी स्कैन मशीन का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से इसके संचालन तथा मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधा की जानकारी ली।
उन्होंने अस्पताल प्रशासन से मशीन का नियमित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित करने को कहा। साथ ही तकनीकी समस्या आने पर उसका तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य सुविधाओं में लापरवाही न हो : कर्नाटक
बिट्टू कर्नाटक ने कहा कि स्वास्थ्य सुविधाओं का सीधा संबंध आम लोगों के जीवन से है। मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हर स्तर पर गंभीरता से प्रयास किया जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि सिटी स्कैन मशीन के दोबारा शुरू होने से गंभीर मरीजों, दुर्घटना में घायल लोगों और अन्य ऐसे मरीजों को बड़ी राहत मिलेगी, जिन्हें जांच के लिए सिटी स्कैन की आवश्यकता होती है।
मरीजों के हित में मशीन को जल्द दुरुस्त कराने के लिए किए गए प्रयासों को अस्पताल पहुंचने वाले लोगों ने भी महत्वपूर्ण बताया।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
