देहरादून: मंत्री सतपाल महाराज ने गढ़वाली फिल्म ‘बीरा’ का ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर किया लॉन्च—टीम को दीं शुभकामनाएं

देहरादून। प्रदेश के पर्यटन, धर्मस्व एवं संस्कृति, लोक निर्माण, सिंचाई एवं ग्रामीण निर्माण मंत्री सतपाल महाराज ने शनिवार को एक स्थानीय होटल में बालाजी प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित गढ़वाली फीचर फिल्म ‘बीरा’ का ट्रेलर, म्यूजिक और पोस्टर लॉन्च किया। इस दौरान उन्होंने फिल्म की पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सिनेमा केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि समाज, संस्कृति, परंपराओं और जीवनशैली को देश-दुनिया तक पहुंचाने का प्रभावी माध्यम भी है।

उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता फिल्म निर्माताओं के लिए प्राकृतिक स्टूडियो

फिल्म के निर्माण के लिए निर्माता धीरज पप्पू सिंह, निर्देशक देबू रावत, कलाकारों और पूरी टीम को बधाई देते हुए सतपाल महाराज ने कहा कि उत्तराखंड की हिमालयी चोटियां, हरे-भरे वन, नदियां, झीलें, घाटियां, गांव और समृद्ध लोक परंपराएं फिल्म निर्माताओं के लिए किसी प्राकृतिक स्टूडियो से कम नहीं हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य सरकार उत्तराखंड को फिल्म शूटिंग के लिए एक आकर्षक और सुविधाजनक डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।

फिल्म शूटिंग से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर

महाराज ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि प्रदेश में अधिक से अधिक फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य ऑडियो-विजुअल प्रोजेक्ट्स की शूटिंग हो। इससे उत्तराखंड की प्राकृतिक सुंदरता और संस्कृति को देश-दुनिया तक पहुंचाने के साथ ही स्थानीय युवाओं, कलाकारों, तकनीशियनों, होटल व्यवसायियों, परिवहन क्षेत्र और स्थानीय उद्यमियों के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे।

पहाड़ के जीवन और बदलते समय की कहानी है ‘बीरा’

सतपाल महाराज ने कहा कि फिल्म ‘बीरा’ पहाड़ के सरल जीवन और बदलते समय के बीच खड़े उन लोगों की भावनाओं को सामने लाती है, जो अपने सपनों, रिश्तों और अपनी जड़ों के बीच संतुलन बनाने का प्रयास करते हैं।

उन्होंने कहा कि फिल्म में शिवानी भंडारी, नियो फर्स्वाण और सूरज कोटनाला सहित अनेक अनुभवी और प्रतिभाशाली कलाकारों ने अभिनय किया है, जो फिल्म की कहानी को जीवंत बनाते हैं।

महाराज ने कहा कि ‘बीरा’ पहाड़ की मिट्टी, रिश्तों की गर्माहट और अपनी जड़ों से जुड़े रहने की भावना को बड़े पर्दे पर प्रस्तुत करने वाली सिनेमाई यात्रा है। उन्होंने विश्वास जताया कि फिल्म दर्शकों को हंसाने के साथ भावुक भी करेगी और उन्हें अपनी मिट्टी से जुड़ाव का एहसास कराएगी।

उन्होंने उम्मीद जताई कि ‘बीरा’ दर्शकों के बीच अपनी विशेष पहचान बनाएगी और देश-विदेश के दर्शकों का मनोरंजन करने के साथ उन्हें अपनी संस्कृति और जड़ों से जुड़ने की प्रेरणा भी देगी।

कार्यक्रम में लोक गायक एवं कलाकार नरेंद्र सिंह नेगी सहित अनेक कलाकार और फिल्म से जुड़े लोग मौजूद रहे।


? व्हाट्सऐप पर शेयर करें