कर्णप्रयाग। विकासखंड कर्णप्रयाग के न्याय पंचायत झिरकोटी क्षेत्र का एक गाँव आज भी सड़क सुविधा से वंचित है। मुख्य सड़क तक पहुँचने के लिए ग्रामीणों को करीब 10 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है। वर्षों से सड़क की मांग पूरी न होने पर ग्रामीण अब स्वयं सड़क की कटिंग करने में जुट गए हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि सड़क के अभाव में गाँव से लगातार पलायन हुआ और कभी बच्चों से गुलजार रहने वाला प्राथमिक विद्यालय भी बंद हो गया। गाँव में सेब, आलू, चौलाई और राजमा जैसी फसलों की अच्छी पैदावार होती है, लेकिन परिवहन सुविधा न होने से किसानों को उपज बाज़ार तक पहुँचाने में दिक्कतें उठानी पड़ती हैं।
सड़क निर्माण को लेकर पूर्व में करीब 4.900 हेक्टेयर वन भूमि के प्रस्ताव पर भी कार्रवाई हुई थी। वहीं क्षेत्रीय विधायक अनिल नौटियाल ने हाल ही में लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को प्राथमिकता के आधार पर प्रस्तावित मोटर मार्ग का सर्वेक्षण एवं आगणन तैयार कर अग्रिम कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि गाँव को जल्द सड़क सुविधा मिलने से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि कृषि-बागवानी को बढ़ावा मिलने के साथ पलायन रोकने में भी मदद मिलेगी।
? व्हाट्सऐप पर शेयर करें
